अगर आप इस गर्मी में माथेरान जाने का प्लान कर रहे हैं तो आपको थोड़ा रुकना चाहिए। महाराष्ट्र का यह प्यारा, कार-मुक्त हिल स्टेशन अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है।
माथेरान के स्थानीय लोग बढ़ते पर्यटक घोटालों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। जिसके चलते वहां 18 मार्च से तमाम तरह के व्यापार, होटल और परिवहन सेवाएं बंद हो गई हैं। जो पर्यटक वहां घूमने गए हैं वो फिलहाल भ्रम की स्थिति में ही हैं।
माथेरान पर्यटन जागरूकता संघर्ष समिति के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन जारी है। लंबे समय से चले आ रहे धोखाधड़ी की गतिविधियों के मुद्दों के चलते ये उपजा है। दलालों और कुछ घोड़ा संचालकों पर पर्यटकों से अधिक पैसे वसूलने और उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया गया है।
स्थानीय निवासियों, होटल मालिकों, व्यापारियों, ई-रिक्शा संघों और सामाजिक संगठनों ने इस हड़ताल का समर्थन किया है और घोषणा की है कि जब तक इन कुप्रथाओं को रोकने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, माथेरान बंद रहेगा।
प्राकृतिक सौंदर्य, ठंडी जलवायु, और शांति का वातावरण माथेरान की खासियत है जो इसे पर्यटकों के लिए एक आदर्श ट्रैवल डेस्टिनेशन बनाता है। यहां की विशेषताएँ और प्रमुख आकर्षण जन्नत से कम नहीं हैं।