उत्तर प्रदेश राज्य का जिला महराजगंज राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित है। ये अपने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के लिए जाना जाता है जिसके आसपास कई पर्यटन स्थल भी मौजूद हैं।
महराजगंज जिले के ठूठीबारी में भारत नेपाल सीमा से सटकर एक प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर भी है। यहां प्रतिदिन भारत से ही नहीं बल्कि बहुत से विदेशी नागरिक भी पूजा पाठ के लिए आते हैं।
महराजगंज पड़ोसी देश नेपाल के साथ बॉर्डर साझा करता है जिसके चलते ये जिला विदेशी लोगों के लिए भी एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। ज्यादातर नेपाल से लोग यहां शॉपिंग करने के लिए आते हैं।
मान्यता है कि यह दुर्गा मंदिर भारत का आखिरी मंदिर भी है। इसके पीछे का कारण इसके जिले के आखिरी छोर पर होने के साथ ही भारत नेपाल सीमा के नजदीक होना है। स्थानीय लोगों के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल के लोगों के लिए भी ये महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है।
इस प्राचीन मंदिर को लेकर भक्तों की अपार श्रद्धा है। माता दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए यहां भक्तों की भारी भीड़ जमा होती है। मानसिक शांति, आशीर्वाद और सुख-समृद्धि के लिए भक्त यहां आते हैं।
श्री दुर्गा मंदिर, ठूठीबारी के अलावा पर्यटक यहां आकर श्री राधा कृष्ण मंदिर, बड़हलगंज मंदिर, महर्षि वाल्मीकि आश्रम और हनुमान मंदिर, सिसवा बाजार भी दर्शन के लिए जा सकते हैं।