हिमाचल प्रदेश की तीर्थन घाटी में बसा अनोखा गांव जीभी एक बेहद ही खूबसूरत जगह है। प्रकृति की खूबसूरती हरे-भरे जंगलों, शांत झरनों और राजसी पहाड़ों को करीब से देखने के लिए आपको इसे अपनी बकेटलिस्ट में जरूर शामिल करना चाहिए।
हिमाचल की पुरानी दुनिया के एक हिस्से के रूप में इस गांव को देखा जाता है। लकड़ी की झोपड़ियां, सीढ़ीदार खेत और धुंध भरी सुबहें इस गांव में एक कहानी की तरह माहौल बनाती हैं। यह घाटी ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क (यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल) का हिस्सा है।
जलोरी दर्रा, सेरोलसर झील, रघुपुर किला, जीभी जलप्रपात और ग्रामीण जीवन यहां का प्रमुक आकर्षण है। इतिहास प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए ये एकदम सही लोकेशन है।
एडवेंचर में रूची रखने वाले पर्यटकों के लिए जीभी एक स्वर्ग है। आप पास के जालोरी दर्रे, सेरोलसर झील, रघुपुर किला और बहुत कुछ ट्रेक करके जा सकते हैं।
पूरे साल किसी भी महीने जीभी जा सकते हैं, लेकिन यहां यात्रा करने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मई तक का होता है क्योंकि इस दौरान यहां का मौसम सुहावना होता है और फूलों से पूरा गांव भर जाता है।
भुंतर (70 किमी) इसके निकटतम एयरपोर्ट है। दिल्ली से 9 घंटे की ड्राइव करके भी यहां पहुंचा जा सकता है। शिमला से जीभी की दूरी 150 किलोमीटर है। बस से यात्रा कर रहे हैं तो पहले औट (Aut) पर आपको उतरना होगा यहां से जीभी आप स्थानीय बस से पहुंच सकते हैं।