'मुल्तान के सुल्तान', वीरू और 'नजफगढ़ के नवाब' जैसे नामों से मशहूर विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का आज 48वां जन्मदिन है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से गेंदबाजों के मन में खौफ पैदा करने वाले सहवाग आज मजेदार कमेंट्री से अपने फैंस का दिल जीत रहे हैं।
उनकी तूफानी बल्लेबाजी की हर कोई दीवाना था। उन्होंने खेलते वक्त अपने दिल की सुनी और अपनी एक अलग पहचान बनाई। आज उनके जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं उनकी 5 ऐसी यागदार पारियों के बारे में जिन्होंने फैंस के दिल में घर बनाया हुआ है।
साल 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सहवाग ने वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ा। इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में सहवाग ने कप्तान के रूप में वनडे क्रिकेट में तब का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। हाल ही में शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ही इस रिकॉर्ड को तोड़ा। उन्होंने नाबाद 223 रन की पारी खेली।
पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में वीरेंद्र सहवाग ने एक ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने 300 रन का आंकड़ा छुआ। यह भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में पहला तिहरा शतक था, जिसके बाद उन्हें 'मुल्तान का सुल्तान' कहा गया। सहवाग 309 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 2008 में चेन्नई में खेले गए टेस्ट मैच में वीरेंद्र सहवाग ने अपने टेस्ट करियरा का दूसरा तिहरा शतक पूरा किया। उन्होंने 319 रन बनाए। यह टेस्ट क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले साल 2003 में वीरेंद्र सहवाग ने मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में 195 रन की पारी खेली थी। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अपने निडर और आक्रामक अंदाज से उन्होंने सबको चौंका दिया था।
साल 2011 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ सहवाग ने 175 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। उन्होंने 140 गेंद का सामना करते हुए 14 चौके और 5 छक्के लगाए थे। सहवाग की वह पारी उस समय उनका सर्वोच्च वनडे स्कोर था। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ किसी भी वनडे में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर था।
न्यूजीलैंड के हैमिल्टन में साल 2009 में वीरेंद्र सहवाग ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी का एक और नमूना दिखाया था। तब वीरेंद्र सहवाग ने 60 गेंद में भारत का सबसे तेज वनडे शतक जड़ा और टीम इंडिया की न्यूजीलैंड में अपनी पहली वनडे सीरीज जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सहवाग ने नाबाद 125 रन बनाए थे।