टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से विराट का बल्ला टी20 लीग और वनडे क्रिकेट में जमकर गरज रहा है। वह एक बाद एक कई रिकॉर्ड अपने नाम करते जा रहे हैं। शुक्रवार को विराट ने गुजरात के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेल कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया।
आईपीएल के 34वें मैच में गुजरात का सामना आरसीबी से हुआ। बेंगुलरु के एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में होम टीम ने मेहमान टीम को 5 विकेट से धूल चटाई। आरसीबी की जीत में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विराट और देवदत्त ने मिलकर शतकीय साझेदारी की। इसकी बदौलत आरसीबी ने 18.5 ओवर में 205 रन का टारगेट चेज कर लिया। विराट ने 44 गेंद पर 81 रन की पारी खेली। इस पारी की बौदलत विराट ने एक नया कीर्तिमान बना दिया।
रिकॉर्ड के बादशाह विराट कोहली एक देश में 10 हजार टी20 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। विराट ने भारत में टी20 क्रिकेट खेलते हुए 10,032 रन बना लिए हैं। इससे पहले कोई भी खिलाड़ी टी20 में एक देश में खेलते हुए 10 हजार आंकड़ा नहीं पार सकता है।
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा काबिज हैं। हिटमैन ने भारत में टी20 क्रिकेट खेलते हुए 8563 बना लिए हैं। रोहित के पास भी 10 हजार का आंकड़ा छूने का मौका है।
एक देश में सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाली लिस्ट के टॉप-5 में चार भारतीय शामिल हैं। पहले पर विराट, दूसरे पर रोहित शर्मा और तीसरे पर शिखर धवन ( 7626) मौजूद हैं। संजू सैमसन (7254 रन ) पांचवें स्थान पर हैं। चौथे नंबर पर इंग्लैंड के जेम्स विंसे (7492) मौजूद हैं।
टॉप-10 की बात करें तो इस लिस्ट में मात्र दो विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। चौथे नंबर पर इंग्लैंड के जेम्स विंसे और 8वें स्थान पर इंग्लैंड के डेविड मलान काबिज हैं। बाकी के सभी भारतीय खिलाड़ी हैं। सूर्यकुमार यादव (7104), अजिंक्य रहाणे (7045), सुरेश रैना (6553) और रॉबिन उथप्पा (6434) क्रमशः छठे, सातवें, नौवें और दसवें स्थान पर हैं।