दुनिया में शहरों की पहचान सिर्फ उनकी ऊंची इमारतों, चौड़ी सड़कों और चमचमाती इमारतों से नहीं होती। कुछ शहर ऐसे भी हैं, जिन्होंने प्रकृति की चुनौतियों के बीच अपनी एक अलग दुनिया बसा ली है। कुछ शहर समुद्र के बीच बसे हैं, तो कुछ चट्टानों को काटकर बनाए गए हैं। दुनिया के कुछ ऐसे अनोखे शहरों के बारे में, जिनकी बसावट देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
तुर्की के कप्पाडोसिया क्षेत्र में स्थित डेरिंकुयू अंडरग्राउंड सिटी दुनिया के सबसे हैरान करने वाले ऐतिहासिक स्थलों में से एक है। यह शहर जमीन के नीचे चट्टानों को काटकर बनाया गया था। माना जाता है कि इसका इस्तेमाल ईसाई समुदायों ने दुश्मनों के हमलों से बचने और छिपने के लिए किया था।
ऑस्ट्रेलिया के दक्षिणी हिस्से में स्थित कूबर पेडी एक ऐसा कस्बा है, जहां जमीन के नीचे रहना लोगों की मजबूरी से शुरू होकर जीवनशैली बन गया। यह इलाका ओपल (Opal) की खदानों के लिए मशहूर है। यहां सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि चर्च और अन्य सुविधाएं भी भूमिगत बनाई गई हैं। यहां आज भी बड़ी संख्या में लोग ऐसे घरों में रहते हैं।
दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में स्थित ला रिनकोनाडा दुनिया की सबसे ऊंचाई पर स्थित स्थायी मानव बस्तियों में गिनी जाती है। यह एंडीज पर्वतमाला पर समुद्र तल से करीब 5,100 मीटर की ऊंचाई पर बसी है। इस इलाके की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से सोने की खदानों पर निर्भर है।
स्पेन में स्थित सेतेनिल दे लास बोदगास अपनी अनोखी बसावट के कारण दुनियाभर में मशहूर है। यहां कई घर विशाल चट्टानों के नीचे और उनके भीतर बनाए गए हैं। कुछ जगहों पर तो पहाड़ की चट्टान ही घरों और दुकानों की छत का काम करती है। यहां की प्राकृतिक बनावट और सफेद रंग के मकान इसे किसी फिल्मी दुनिया जैसा रूप देते हैं।
यमन का शिबाम अपनी अनोखी वास्तुकला के लिए जाना जाता है। इसे 'मैनहट्टन ऑफ द डेजर्ट' यानी रेगिस्तान का मैनहट्टन भी कहा जाता है। यहां मिट्टी की ईंटों से बनी कई मंजिला इमारतें एक-दूसरे के बेहद करीब खड़ी हैं। शिबाम को 1982 में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था।
विश्व शहर दिवस हर साल 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2013 में प्रस्ताव पारित करके इस दिवस की घोषणा की थी और पहली बार इसे 2014 में मनाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य शहरीकरण से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करना और ऐसे शहरों के निर्माण को प्रोत्साहित करना है, जहां लोगों को सुरक्षित आवास, बेहतर सुविधाएं और अच्छा जीवन स्तर मिल सके।