भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज में विराट कोहली के पास एक खास मौका है। दरअसल पहले ही मुकाबले मे उनके सामने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने की चुनौती है। वनडे में शतक लगाने के मामले में पहले ही विराट उनसे आगे निकल चुके हैं, लेकिन अब रनों के मामले में भी उनसे आगे निकलने का मौका है।
साल 2025 विराट कोहली के लिए शानदार रहा था। वह इस साल भारत की ओर से वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। ये तब था जब वह केवल एक ही फॉर्मेट खेल रहे हैं। विराट उसी तरह साल 2026 का भी आगाज करना चाहेंगे और उनके सामने इस बार न्यूजीलैंड की टीम है। विराट अपने बल्ले से 3 मैच की इस सीरीज को यादगार बनाना चाहेंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में सचिन तेंदुलकर का पुराना रिकॉर्ड खतरे में है। दरअसल भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज की बात करें तो सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 42 ंमैच की 41 पारी में सर्वाधिक 1,750 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 शतक 8 अर्धशतक लगाए हैं।
विराट के पास सचिन तेंदुलकर के इसी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का मौका है। फिलहाल भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में रन बनाने के मामले में विराट नंबर दो पर हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट 33 पारी में 1,657 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में अगर विराट 94 रन बना लेते हैं तो वह भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर से आगे निकल जाएंगे। वह जिस फॉर्म में हैं उनके लिए यह ज्यादा मुश्किल काम नहीं होने वाला है।
सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने के अलावा उनके पास वीरेंद्र सहवाग से भी आगे निकलने का मौका है। भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज की बात करें तो सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में विराट और सहवाग फिलहाल बराबरी पर खड़े हैं। दोनों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 6-6 शतक लगाए हैं। एक शतक लगाते ही वह सहवाग से आगे निकल जाएंगे।
भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में भले विराट आगे निकल जाएं, लेकिन सचिन का एक रिकॉर्ड वह शायद ही तोड़ पाएं। वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में सचिन 18,426 के साथ टॉप पर हैं, जबकि विराट 14,557 रन के साथ नंबर दो पर हैं।