भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के 14 साल के स्टार ओपनर वैभव सूर्यवंशी का बल्ला फिर गरजा है। भारत-ज़िम्बाब्वे अंडर-19 विश्व कप 2026 के सुपर-6 राउंड के पहले मैच में वैभव ने एक और दिलचस्प रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अंडर-19 विश्व कप 2026 के मैच में मेजबान जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय अंडर-19 टीम के लिए आरोन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी ओपनिंग करने उतरे।
शानदार ओपनर आरोन जॉर्ज अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और एक छोर से लगातार रन बनाते जा रहे थे, उन्होंने 15 गेंदों 23 रन बना लिए थे, जब मजाई ने उनको कप्तान के हाथों कैच आउट करा दिया।
इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने अपने कंधों पर जिम्मेदारी ली और तेज बल्लेबाजी शुरू कर दी। अपने ही अंदाज में खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। ये टूर्नामेंट में उनका दूसरा अर्धशतक साबित हुआ।
वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 52 रन बना लिए थे और वो शानदार लय में नजर आ रहे थे, लेकिन तभी जिम्बाब्वे के चिमुगोरो ने एक शानदार गेंद पर वैभव को फंसाया और वो जिम्बाब्वे के कप्तान के हाथों कैच आउट हो गए।
वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अंडर-19 विश्व कप 2026 में अपनी दूसरी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 173.33 के स्ट्राइक रेट से 52 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 4 छक्के और 4 चौके निकले।
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप में कुछ ही दिन पहले बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 72 रनों की पारी खेली थी जिसके साथ ही वो अंडर-19 विश्व कप इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे। अब उन्होंने अपने उसी रिकॉर्ड को ऊंचाई दे दी है। अब वो यूथ विश्व कप में दो अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन चुके हैं, साथ ही अंडर-19 विश्व कप इतिहास में सुपर सिक्स राउंड में अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी भी बन चुके हैं।
वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 विश्व कप 2026 के पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। उसके बाद उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 72 रन बनाए। फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ भी 40 रनों की तेज पारी खेली और अब सुपर सिक्स राउंड में जिम्बाब्वे के खिलाफ 52 रनों की पारी खेली। वो अब तक 4 मैचों की 4 पारियों में 133.87 के स्ट्राइक रेट से 166 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 10 छक्के लगाए हैं और अब छक्के लगाने के मामले में टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वो सिर्फ इंग्लैंड के बेन मेयस से 3 छक्के दूर हैं।