टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 में लगातार 5 मैच जीते हैं और उसके साथ ही वो फाइनल में अपराजित रहते हुए पहुंच चुकी है, ठीक उसी तरह से जैसे वो टी20 विश्व कप फाइनल में पहुंची थी। लेकिन इस बार फाइनल में पहुंचने से ठीक पहले एक दाग लग गया है।
एशिया कप 2025 में सिर्फ टीम इंडिया एकमात्र टीम है जो इस समय अपराजित है और फाइनल में पहुंच चुकी है। भारत इस दौरान हर टीम पर हावी रही और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के साथ फाइनल में एंट्री हासिल की है।
फाइनल में जाने के लिए टीम इंडिया ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 41 रनों से शिकस्त दी। इस मैच में भारत ने अभिषेक शर्मा की 75 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रनों का स्कोर बनाया। जब बांग्लादेश की टीम जवाब देने उतरी तो सिर्फ एक बल्लेबाज सैफ हसन प्रदर्शन करते नजर आए जिन्होंने 69 रन बनाए और टीम इंडिया ने 19.3 ओवर में बांग्लादेश को 127 रन पर समेटकर जीत दर्ज की और एशिया कप फाइनल में जगह बनाई।
टीम इंडिया ने फाइनल का टिकट तो हासिल कर लिया लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ मैच में कुछ ऐसी अजीब चीज हो गई जो भारतीय टी20 क्रिकेट इतिहास में आज से पहले कभी नहीं हुई थी।
बांग्लादेश के ओपनर सैफ हसन ने इस मैच में 51 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली जिसमें 5 छक्के और 3 चौके शामिल थे। उन्हीं की पारी के दम पर बांग्लादेश 127 रन तक पहुंची, वरना भारत और भी बड़ी जीत दर्ज कर सकती थी। इसकी वजह बनी खराब खराब भारतीय फील्डिंग, क्योंकि भारतीय खिलाड़ियों ने अकेला सैफ हसन के ही चार कैच छोड़ दिए।
बांग्लादेश के सैफ हसन का पहला कैच 40 रन पर छूटा, उसके बाद 65 रन, फिर 66 रन और अंत में 67 रन पर उनका कैच भारतीय खिलाड़ियों ने छोड़ दिया। कैच छोड़ने वाले खिलाड़ी थे अक्षर पटेल, संजू सैमसन और शिवम दुबे ने दो बार सैफ हसन का कैच छोड़ा।
इसी के साथ एक टी20 पारी में किसी एक बल्लेबाज के चार कैच छोड़ने का ये भारतीय टी20 क्रिकेट इतिहास में रिकॉर्ड बन गया है। इससे पहले किसी भी टी20 मैच में भारत ने इतना खराब प्रदर्शन नहीं किया। सैफ के अलावा 20वें ओवर में कुलदीप यादव ने नसुम अहमद का भी कैच छोड़ा और कैच छोड़ने की संख्या 5 हो गई।
आपको बता दें कि एशिया कप 2025 में सर्वाधिक कैच छोड़ने के मामले में भारतीय क्रिकेट टीम सबसे ऊपर है। भारत ने एशिया कप में इस बार सबसे ज्यादा 12 कैच छोड़े हैं। जबकि चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ने कुल 3 कैच छोड़े हैं।