भारत ने हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी के दम पर 5 मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 101 रन से हराकर शानदार आगाज किया। पांड्या की नाबाद 59 रन की आक्रामक पारी के दम पर भारत ने छह विकेट पर 175 रन बनाए और बाद में दक्षिण अफ्रीका को 12.3 ओवर में 74 रन पर आउट कर दिया।
भारत ने पहला मुकाबला 101 रन के अंतर से जीता। यह टी20 में रनों के लिहाज से भारत की 8वीं सबसे बड़ी जीत है, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की यह तीसरी बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2023 में 106 और 2024 में 135 रन से जीत से जीत दर्ज की थी।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने हार्दिक पांड्या की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन का स्कोर खड़ा किया। हार्दिक पांड्या ने 28 गेंद में नाबाद 59 रन की पारी खेली।
हार्दिक पांड्या ने अपने टी20 करियर का छठा अर्धशतक केवल 25 गेंद में पूरा किया। यह उनके टी20 करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी था। उन्होंने दुबे के साथ 33 और जितेश के साथ 38 रन की साझेदारी की।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में क्विंटन डिकॉक को अर्शदीप सिंह ने आउट कर टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। साउथ अफ्रीका की आधी टीम 50 रन के स्कोर पर पवेलियन जा चुकी थी।
साउथ अफ्रीका की खराब बल्लेबाजी का आलम यह रहा है कि 12.3 ओवर में पूरी टीम केवल 74 रन बनाकर आउट हो गई। केवल 4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। ब्रेविस ने 14 गेंद में सर्वाधिक 22 रन की पारी खेली।
इसके साथ ही साउथ अफ्रीका के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया। टी20 क्रिकेट में यह साउथ अफ्रीका का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले साल 2022 में भारत के खिलाफ राजकोट में साउथ अफ्रीका 87 रन पर ऑलआउट हो गई थी।