रोहित शर्मा ने सिडनी में लक्ष्य का पीछा करते हुए सधे हुए अंदाज में अपनी पारी की शुरुआत की और 63 गेंद में अपना अर्धशतक 6 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखते हुए 105 गेंद में 11 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। रोहित 125 गेंद में 121 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे। उन्होंने इस दौरान 13 चौके और 3 छक्के जड़े।
रोहित शर्मा ने सिडनी वनडे में सैकड़ा जड़ते ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 शतक पूरे कर लिए। रोहित ने वनडे में 33, टेस्ट में 12 और टी20आई में 5 शतक जड़े हैं। शतकों का अर्धशतक जड़ने वाले रोहित दुनिया के 10वें और भारत के तीसरे बल्लेबाज हैं। रोहित से ज्यादा शतक सचिन तेंदुलकर (100), विराट कोहली(82), रिकी पॉन्टिंग(71), कुमार संगकारा(63), जैक कैलिस(62), जो रूट (58), हाशिम अमला(55), महेला जयवर्धने(54), ब्रायन लारा(53) ने जड़े हैं।
रोहित शर्मा एमएस धोनी को पछाड़कर वनडे क्रिकेट इतिहास में प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड जीतने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बन गए हैं। रोहित ने 38 साल 178 दिन की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की है। वहीं धोनी 37 साल 194 दिन की उम्र में वनडे में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे। इस सूची में तीसरे पायदान पर सुनील गावस्कर हैं जिन्होंने 37 साल 190 दिन की उम्र में ये अवार्ड अपने नाम किया था।
रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज में दो बार प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवार्ड जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले और कोई भारतीय खिलाड़ी ये कारनामा नहीं कर सका था। 38 साल की उम्र में रोहित ने ये विशिष्ट उपलब्धि हासिल की है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ा। रोहित के खाते में कंगारुओं के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में 2609 रन हो गए हैं। 49 मैच की 49 पारियों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हिटमैन ने 59.29 के औसत और 95.11 के स्ट्राइकरेट से ये रन बनाए हैं। जिसमें 9 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। 209 रोहित का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस सूची में तीसरे पायदान पर 2525 रन के साथ विराट कोहली हैं।
रोहित शर्मा विराट कोहली को पछाड़कर ऑस्ट्रेलिया सरजमीं पर वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं 33वां मैच खेलते हुए छठा शतक जड़ा। विराट ने ऑस्ट्रेलिया में 32 पारी में 5 शतक जड़े थे। वीवीएस लक्ष्मण इस सूची में 16 पारी में तीन शतक के साथ तीसरे पायदान पर हैं।
रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया में भारत के लिए वनडे फॉर्मेट में साझा रूप से दूसरे सबसे ज्यादा 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने 33 पारी में 11 पारियां खेली हैं। इस सूची में विराट कोहली 32 पारी में पचास से ज्यादा रन के 12 स्कोर के साथ पहले स्थान पर हैं। सचिन तेंदुलकर ने भी ऑस्ट्रेलिया की धरती पर वनडे क्रिकेट में पचास रन से ज्यादा की 11 पारियां खेली थीं।
रोहित शर्मा ने सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे वनडे में अपनी 121 रन की नाबाद पारी के दौरान 3 छक्के जड़े। इसके साथ ही उन्होंने एक टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी की बराबरी कर ली। रोहित ने टीम इंडिया के लिए 276 मैच की 268 पारी में 349 छक्के जड़े हैं। वहीं शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए 349 छक्के वनडे क्रिकेट में जड़े थे। इस तरह रोहित ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
रोहित शर्मा सिडनी में अपनी 121 रन की शतकीय पारी के दौरान तीन छक्के जड़कर सेना देशों(इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका) में सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल को पीछे छोड़ा। गेल ने 87 पारी में 92 छक्के सेना देशों में जड़े थे। वहीं रोहित के नाम 86 पारी में 93* छक्के हो गए हैं।