गॉल में भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया चौथे दिन अपनी दूसरी पारी के अंत तक पारी को खींचकर ले गई। बढ़त बनाने के इरादे से बल्लेबाजों ने तेज बैटिंग की और ऋषभ पंत इसमें सबसे आगे रहे, जिन्होंने कौन सा नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है, यहां जानते हैं।
श्रीलंका के खिलाफ भारत के पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन स्टार भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इतिहास रच दिया। पंत टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्कों का मील का पत्थर छूने वाले चौथे और सबसे तेज खिलाड़ी बन गए। खेल के सबसे लंबे फ़ॉर्मेट में, पंत ने लाहिरू कुमारा के खिलाफ अपने खास अंदाज़ में खेलते हुए अपनी फिफ्टी पूरी की और सिर्फ अपनी 89वीं पारी में 100 छक्के पूरे किए।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे जल्दी 100 छक्के पूरे करने के मामले में अब ऋषभ पंत शीर्ष पर आ गए हैं जिन्होंने 89 पारियों में 100 टेस्ट छक्के लगाए हैं। उन्होंने इस मामले में महान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा है जिन्होंने 130 पारियों में ये कमाल किया था।
क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो इसमें अब टॉप पर हैं ऋषभ पंत (89 पारियों में), दूसरे नंबर पर एडम गिलक्रिस्ट (130 पारियों में), तीसरे नंबर पर बेन स्टोक्स (151 पारियों में) और ब्रैंडन मैकुलम (170 पारियों में) प्रमुख नाम हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भी अब पंत का नाम शामिल हो चुका है। वो इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं और शीर्ष भारतीय हैं। इस लिस्ट में शीर्ष पर बेन स्टोक्स (138 छक्के), दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम (107 छक्के), तीसरे स्थान पर भारत के ऋषभ पंत (100 छक्के), चौथे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (100 छ्क्के) और पांचवें नंबर पर न्यूजीलैंड के टिम साउथी जिन्होंने 98 छक्के लगाए थे।
ऋषभ पंत की बल्लेबाज़ी के अंदाज की गॉल टेस्ट की पहली पारी में काफी आलोचना हुई थी जब उन्होंने 62 गेंदों पर 39 रन बनाए थे और एक खराब शॉट पर आउट हो गए थे। हालांकि, चौथे दिन पंत को साफ तौर पर कहा गया कि वे सावधानी ना बरतें। पहले टेस्ट में, भारत अपनी बढ़त बढ़ाना चाहता था और मेजबान टीम के लिए बराबरी करना मुश्किल बनाना चाहता था। कप्तान शुभमन गिल के आउट होने के बाद, पंत तब क्रीज़ पर आए जब भारत का स्कोर 3 विकेट पर 81 रन था और उन्होंने 69 गेंदों में 66 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल डाली।
ऋषभ पंत की शानदार पारी ही थी कि मैच के चौथे दिन भारतीय टीम ने 193 रन पर पारी सिमटने के बावजूद श्रीलंका के सामने 372 रनों का विशाल लक्ष्य रख दिया, जो हासिल करना गॉल के टर्निंग ट्रैक पर नामुमकिन सा नजर आता है।