खिलाड़ियों के छक्कों के रिकॉर्ड और वर्ल्ड रिकॉर्ड तो पिछले कुछ समय से आप काफी सुनते आए हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि अब एक टीम भी टी20 क्रिकेट में छक्कों का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुकी हैं, इसके बारे में आगे जानते हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन रनों से भरपूर रहा और साथ ही चौकों-छक्कों से भी। इस बार आईपीएल के 19 सालों का रिकॉर्ड टूट गया और सबसे ज्यादा 1426 छक्के लगे। इतने छक्के आज तक किसी आईपीएल सीजन में नहीं लगे।
सिर्फ खिलाड़ियों की बात करें तो सबसे ज्यादा छक्के का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी ने अपने नाम किया है। वैभव ने क्रिस गेल के एक सीजन में 59 छक्कों का रिकॉर्ड तो तोड़ा, साथ ही एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 72 छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। लेकिन उससे भी बड़ा काम कर दिखाया है उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स ने।
एक टी20 लीग सीजन में किसी एक टीम द्वारा सर्वाधिक छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब टूट चुका है। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में 181 छक्के लगाए, जो कमाल दुनिया में किसी भी टी20 लीग सीजन में किसी भी टीम ने नहीं किया है।
राजस्थान रॉयल्स ने इस मामले में सनराइजर्स हैदराबाद का रिकॉर्ड तोड़ा है जिसने आईपीएल 2024 में 178 छक्के लगाते हुए टी20 लीग इतिहास में विश्व रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन अब दो साल बाद ये रिकॉर्ड राजस्थान ने ध्वस्त कर दिया है।
राजस्थान रॉयल्स ने बेशक एक लीग सीजन में 181 छक्के लगाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है, लेकिन ये नहीं भूलना होगा कि इस संख्या में 72 छक्के सिर्फ उनके 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से आए हैं।
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने 16 मैचों में 3076 रन बनाए। उन्होंने 31.07 के औसत से इतने रन बनाए हैं। वो एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में अब सिर्फ पंजाब किंग्स (3140 रन, IPL 2025) और गुजरात टाइटंस (3094 रन, IPL 2026) से पीछे हैं।
आईपीएल इतिहास में एक सीजन में किसी टीम द्वारा सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम दर्ज हो चुका है जो उन्होंने इसी बार आईपीएल 2026 में बनाया है। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में सर्वाधिक 292 चौके लगाए।