चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू सीजन में नूर अहमद ने 14 मैच में 17 के औसत और 8.16 की इकोनॉमी के साथ 24 विकेट अपने नाम किए। 18 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। जडेजा और अश्विन जैसे अनुभवी स्पिनरों की मौजूदगी में नूर स्पिन गेंदबाजी की धुरी बनकर उभरे।
नूर अहमद 24 विकेट के साथ सीएसके के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। चेन्नई के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में ड्वेन ब्रावो(32 और 26), इमरान ताहिर(26) के बाद चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं।
नूर अहमद चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर बन गए हैं। दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर इमरान ताहिर ने साल 2019 में सीएसके के लिए खेलते हुए 26 विकेट चटकाए थे। उनका रिकॉर्ड तोड़ने से नूर 3 विकेट दूर रह गए।
नूर अहमद आईपीएल के ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले स्पिनर्स में युजवेंद्र चहल के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। चहल ने साल 2022 में ग्रुप स्टेज में 26 विकेट अपने नाम किए थे। ऐसे में नूर 24 विकेट के साथ साझा रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वनिंदु हसरंगा ने साल 2022 और राशिद खान ने साल 2023 के ग्रुप स्टेज में 24-24 विकेट लीग राउंड में चटकाए थे।
अफगानिस्तानी स्पिनर नूर अहमद को सीएसके ने नीलामी में 10 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था। गुजरात से चेन्नई के दल में शामिल होने के बाद नूर ने पैसा वसूल प्रदर्शन करते हुए 24 विकेट अपने नाम किए और टीम की गेंदबाजी की रीढ़ बनकर उभरे।