आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि T20 क्रिकेट का सबसे घातक स्पेल किस गेंदबाज ने डाला है। इस गेंदबाज ने अपने स्पेल की 24 की 24 गेंदें डॉट डालकर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया था।
इस गेंदबाज ने किसी ऐसे-वैसे मैच में नहीं बल्कि T20 वर्ल्डकप में यह स्पेल डाला था। टी20 वर्ल्डकप एक ऐसा मंच होता है, जिस पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें होती हैं। ऐसे मंच पर क्रिकेट का सबसे घातक स्पेल डालकर इस गेंदबाज ने महफिल लूट ली थी।
इस गेंदबाज ने अपने स्पेल के 4 ओवर में 4 मेडन डाल दिए थे। यह मैच 17 जून 2024 को खेला गया था। यह मुकाबला न्यूजीलैंड और पापुआ न्यू गिनी के बीच त्रिनिडाड एंड टोबैगो के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया था।
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ पापुआ न्यू गिनी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर भी नहीं खेल पाई थी। पापुआ न्यू गिनी की टीम 19.4 ओवरों में मात्र 78 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।
इस मैच में न्यूजीलैंड के गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ने अपने स्पेल के 4 ओवर में 4 ओवर मेडन डालते हुए 3 विकेट अपने नाम किए थे। उन्होंने पापुआ न्यू गिनी को इतने छोटे स्कोर पर ऑलआउट करने में बड़ी भूमिका निभाई थी।
इस मुकाबले को न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से बड़ी आसानी से जीत लिया था। न्यूजीलैंड ने 79 रनों के स्कोर को 12.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। न्यूजीलैंड की तरफ से डेवोन कॉन्वे ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए थे।
इस मुकाबले में जीत के बाद न्यूजीलैंड के लॉकी फर्ग्यूसन को उनकी शानदार घातक गेंदबाजी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' के अवॉर्ड से नवाजा गया था। हालांकि, साल 2024 के टी20 वर्ल्डकप में न्यूजीलैंड की टीम सुपर-8 के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर पाई थी।
लॉकी फर्ग्यूसन इस IPL सीजन में पंजाब किंग्स के साथ खेल रहे हैं। उन्होंने IPL के इतिहास में 51 मैच खेलकर कुल 52 विकेट अपने नाम किए हैं। इस सीजन की बात करें तो उन्होंने 2 मैच खेलकर 1 विकेट अपने नाम किया है।