कुलदीप यादव ने बांग्लादेश के खिलाफ 169 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए और टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका अदा की। कुलदीप ने परवेज हुसैन इमोन, रिशाद हुसैन और तंजीम हसन साकिब का शिकार किया।
इस शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के साथ कुलदीप यादव टी20 एशिया कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में मेरठ मेल के नाम से विख्यात भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ा। भुवी ने साल 2022 में आयोजित टी20 एशिया कप में 11 विकेट अपने नाम किए थे। कुलदीप ने बांग्लादेश के खिलाफ सुपर फोर राउंड में खेले गए मुकाबले में तीसरा विकेट चटकाते ही नया भारतीय रिकॉर्ड कायम कर दिया।
कुलदीप यादव अपनी शानदार गेंदबाजी के बल पर एशिया कप 2025 के भी सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। कुलदीप ने अबतक टूर्नामेंट में खेले 5 मैच की 5 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 8.08 के औसत और 5.65 की इकोनॉमी के साथ कुल 12 विकेट चटकाए हैं। 7 रन देकर 4 विकेट उनका टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ये प्रदर्शन उन्होंने यूएई के खिलाफ टूर्नामेंट में भारत के पहले मुकाबले में किया था। उनके बाद दूसरे पायदान पर 9 विकेट के साथ यूएई के जुनैद सिद्दीकी हैं।
टूर्नामेंट में अबतक खेले पांच मैच में कुलदीप यादव ने यूएई के खिलाफ 4, पाकिस्तान के खिलाफ 3, ओमान के खिलाफ 1, पाकिस्तान के खिलाफ सुपर फोर राउंड में एक और बांग्लादेश के खिलाफ सुपर फोर राउंड के मुकाबले में 3 विकेट चटकाए। किसी भी मैच में उनकी झोली खाली नहीं रही है।
कुलदीप यादव एशिया कप 2025 में भारत की शुरुआती दो जीत के हीरो रहे थे। यूएई और पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप दौर के शुरुआती दो मुकाबलों में कुलदीप प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। टीम इंडिया की जीत का सेहरा उनके सिर पर सजा था।
कुलदीप यादव एशिया कप के इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। कुलदीप ने एशिया कप के वनडे संस्करण में खेले कुल 11 मैच में 19 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं अब टी20 संस्करण में 12 विकेट चटकाने के बाद उनके खाते में कुल 31 विकेट हो गए हैं। वो रवींद्र जडेजा के सबसे ज्यादा 29 विकेट के रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गए हैं। जडेजा ने वनडे एशिया कप में 25 और टी20 एशिया कप में 4 विकेट सहित कुल 29 विकेट चटकाए थे।
कुलदीप किसी टी20 टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले खिलाड़ियों की सूची में साझा रूप से आरपी सिंह के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। आरपी सिंह ने साल 2007 के टी20 विश्व कप में 12 विकेट अपने नाम किए थे वहीं कुलदीप ने एशिया कप 2025 में 12 विकेट चटकाए हैं। कुलदीप से आगे अब अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह हैं। अर्शदीप और बुमराह ने साल 2024 के टी20 विश्व कप में क्रमश: 17 और 15 विकेट अपने नाम किए थे। एशिया कप 2025 के फाइनल में कुलदीप की नजर बुमराह के रिकॉर्ड पर होगी।
कुलदीप ने बांग्लादेश के खिलाफ 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए और इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा बार मैच में 3 या उससे ज्यादा विकेट चटकाने के अर्शदीप सिंह के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अर्शदीप और कुलदीप 13-13 के आंकड़े के साथ पहले पायदान पर काबिज हैं।