आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में बेहतरीन जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर जीत की पटरी पर वापसी की। इस दौरान उनके कैरेबियाई धुरंधर सुनील नरायन ने एक बेहतरीन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है जो टी20 क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान है, आप भी जानिए क्या है उनका नया रिकॉर्ड।
कोलकाता के ऐतिहासिक ईडेन गार्डन्स मैदान पर मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुए मुकाबले में केकेआर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए पिछले साल के फाइनल के नतीजे को हैदराबाद के खिलाफ फिर दोहराया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स इस मैच में हैदराबाद के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। उनकी तरफ से अंगकृष रघुवंशी और वेंकटेश अय्यर ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि रिंकू सिंह ने 17 गेंदों में 30 रन बनाए जिसके दम पर उन्होंने हैदराबाद को 201 रनों का लक्ष्य दिया।
केकेआर के स्कोर के जवाब में उतरे सनराइजर्स हैदराबाद टीम के बल्लेबाज शुरुआत से ही लड़खड़ाते रहे और देखते-देखते पूरा बैटिंग ऑर्डर 16.4 ओवर में 120 रन पर सिमट गया, नतीजतन कोलकाता ने 80 रन से बड़ी जीत दर्ज की।
वैसे तो इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे ज्यादा 3-3 विकेट वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती ने झटके, लेकिन टीम के सबसे पुराने खिलाड़ियों में से एक सुनील नरायन ने 4 ओवर में 30 रन देते हुए सिर्फ 1 विकेट लेकर भी एक नया इतिहास रच दिया।
वेस्टइंडीज के दिग्गज स्पिनर सुनील नरायन ने हैदराबाद के खिलाफ लिए 1 विकेट के साथ आईपीएल में अपने विकेटों की संख्या को 182 तक पहुंचा दिया। उनके ये सभी विकेट केकेआर के साथ रहते हुए आए हैं। इसके अलावा चैंपियंस लीग टी20 में भी उन्होंने कोलकाता के लिए 18 विकेट लिए हैं। इस तरह कोलकाता के लिए उनके 200 विकेट हो गए हैं। अब वो आईपीएल में किसी एक टीम के लिए 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं, वहीं टी20 क्रिकेट में किसी एक टीम के लिए 200 विकेट लेने वाले पहले समित पटेल (208) के बाद दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।
वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के सबसे वफादार खिलाड़ी सुनील नरायन अब आईपीएल इतिहास के सबसे सफल विदेशी गेंदबाज बनने से बस 2 विकेट दूर हैं। नरायन के 182 विकेट हैं जबकि आईपीएल के सबसे सफल विदेशी बॉलर पूर्व खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो हैं जिनके नाम 183 विकेट हैं। दो विकेट और लेते ही नरायन एक और इतिहास रच देंगे।