भारत-आयरलैंड टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। पहला टी20 मैच बेलफास्ट में 26 जून और दूसरा मैच 28 जून को खेला जाएगा। इस सीरीज में सबकी नजरें वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी जो 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में सीनियर टीम से खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने जा रहे हैं। हम यहां आपको बताने जा रहे हैं कि डेब्यू से पहले कैसे हैं वैभव के आंकड़े।
वैभव सूर्यवंशी ने भारत के घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए अब तक 8 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 207 रन दर्ज हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 93 रनों का रहा है। इस दौरान उनके बल्ले से 29 चौके और 6 छक्के निकले हैं।
घरेलू वनडे क्रिकेट यानी 50 ओवर फॉर्मेट (50 ओवर प्रारूप) में वैभव सूर्यवंशी ने 13 मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 564 रन हैं। लिस्ट-ए में वैभव का सर्वाधिक स्कोर 190 रन की पारी है। इस फॉर्मेट में वो अब तक 66 चौके और 34 छक्के लगा चुके हैं।
अगर सबसे छोटे प्रारूप यानी टी20 क्रिकेट की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी ने इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। आईपीएल से लेकर अंडर-19 क्रिकेट तक हर जगह टी20 में उनका बल्ला गरजा है। आइए टी20 में भी उनके आंकड़े और खासतौर पर छक्के कितने हैं जान लेते हैं।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में अब तक 34 मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 220.44 के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्ट्राइक रेट के साथ 1477 रन हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में अब तक रिकॉर्ड 134 छक्के लगा दिए हैं। जबकि उन्होंने इस दौरान 116 चौके लगाए हैं। अब अगर सभी फॉर्मेट मिलाकर बात करें तो भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू करने से पहले वैभव अब तक 55 मैचों में 174 छक्के लगा चुके हैं।