टेक अरबपति एलन मस्क ने कुछ वक्त पहले मंगल ग्रह पर बस्तियां बसाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि ग्रह पर पहला अनक्रूड स्टारशिप मिशन दो साल में लॉन्च किया जाएगा। सोचिए अगर मंगल ग्रह पर बस्तियां बस गईं तो अंतरिक्ष यात्रियों के घूमने के लिए कुछ खास जगहें भी तो होनी चाहिए। आज हम ऐसी ही पांच अद्भुत जगहों के बारे में चर्चा करेंगे।
Olympus Mons: ओलंपस मॉन्स सौरमंडल का सबसे ऊंचा ज्वालामुखी है। बकौल नासा, इसकी ऊंचाई लगभग 25 किमी है, जो पृथ्वी के माउंट एवरेस्ट से लगभग तीन गुना ज्यादा है। इसकी सतह पर कई क्रेटर और ढलाननुमा संरचनाएं हैं।
Tharsis Volcanoes: थार्सिस मंगल ग्रह पर मौजूद सबसे बड़ा ज्वालामुखी क्षेत्र है, जिसमें ओलंपस मॉन्स नामक प्रमुख ज्वालामुखी मौजूद है। थार्सिस के लगभग 4000 किमी चौड़े क्षेत्र में 12 विशालकाय ज्वालामुखी हैं।
Valles Marineris: मंगल ग्रह पर न केवल सौरमंडल का सबसे बड़ा ज्वालामुखी है, बल्कि सबसे बड़ी घाटी भी है। नासा के मुताबिक, वैलेस मेरिनेरिस लगभग 3000 किमी लंबा है। हालांकि, शोधकर्ताओं को इस बात की पुख्ता जानकारी नहीं है कि वैलेस मेरिनेरिस कैसे बना है, लेकिन इसके निर्माण से जुड़े कई सिद्धांतों पर चर्चा जरूर होती है।
North and South Poles: स्पेस डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगल ग्रह के ध्रुवों पर दो बर्फीले क्षेत्र हैं, जिनकी संरचना थोड़ी अलग है। सर्दियों के दौरान उत्तरी और दक्षिणी दोनों ध्रुवों के पास तापमान इतना ज्यादा ठंडा होता है कि कार्बन डाइऑक्साइड वायुमंडल से सतह पर बर्फ में संघनित हो जाती है।
Medusae Fossae: मेडुसा फोसा मंगल ग्रह पर सबसे विचित्र स्थानों में से एक है, जहां पर एक विशाल ज्वालामुखी जमा है, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि यह जगह किसी प्रकार के यूएफओ दुर्घटना के साक्ष्य प्रस्तुत करती है।