Wildfire in California: रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग को और भी ज्यादा खतरनाक बनाने का काम सांता एना हवाएं कर रही हैं जिन्हें शैतानी हवाएं भी कहा जाता है, लेकिन क्या इसके बारे में आप जानते हैं तो चलिए विस्तार से समझते हैं।
Santa Ana winds: सांता एना हवाएं दक्षिण कैलिफोर्निया में चलने वाली गर्म, शुष्क और तेज हवाएं हैं। रेगिस्तान और तटीय इलाकों से होकर यहां पहुंचने वाली इन शैतानी हवाओं की रफ्तार 160 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
सांता एना हवाएं तब उत्पन्न होती हैं जब पश्चिमी अमेरिका के आतंरिक हिस्से में ग्रेट बेसिन के ऊपर उच्च दबाव का क्षेत्र बनता है, जिसमें नेवादा का ज्यादातर हिस्सा और ओरेगन, इडाहो और यूटा का कुछ हिस्सा शामिल होता है। ये हवाएं दक्षिण-पश्चिम की ओर से कैलिफोर्निया में पहुंचती है।
कैलिफोर्निया में आते वक्त ऊबड़ खाबड़ पहाड़ों से होकर गुजरने की वजह से हवा की रफ्तार काफी तीव्र हो जाती है जिसकी वजह से हवा में नमी का स्तर बेहद कम हो जाता है।
इन हवाओं की आर्द्रता कम होने की वजह से वनस्पतियां सूख जाती है। आसान भाषा में कहें तो इन हवाओं की तेज रफ्तार हल्की सी चिंगारी को जंगल की आग में बदलने के लिए काफी है।
मौजूदा समय में आग पैसिफिक पैलिसेड्स (Pacific Palisades), सिलमार (Sylmar), अल्टाडेना/पासाडेना (Altadena/Pasadena), एक्टन (Acton) और हॉलीवुड हिल्स (Hollywood Hills) में लगी है और इनमें से सबसे ज्यादा नुकसान पैलिसेड्स की आग की वजह से हुआ है।