बिहार राजनीतिक रूप से देश का काफी अहम राज्य है। इस राज्य का लिट्टी चोखा अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक ख्याति प्राप्त कर चुका है। यहां पर एक से एक मिठाइयां भी बनती हैं। ऐसी ही एक मिठाई है जो 100 साल से ज्यादा समय से लोगों को तृप्त कर रही है। इस मिठाई का स्वाद ऐसा है कि राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इसके दीवाने हैं। इस मिठाई के तार यूपी से भी जुड़े हैं।
हम जिस मिठाई की बात कर रहे हैं उसका नाम है बेलग्रामी। बेलग्रामी मिठाई बिहार की बेहद मशहूर मिठाई है। इसे चने के आटे से बनाया जाता है।
बेलग्रामी मिठाई का इतिहास शाहाबाद के नवाब नूरुल हसन खान की दूसरी बेगम से जुड़ा है। वह उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बेलग्राम से थीं। बेगम साहिबा मिठाइयों की बड़ी शौकीन थी।
जब वह शादी करके आईं तो अपने साथ हलवाई भी लाई थीं। उनके खास हलवाइयों ने उनके लिए चने के आटे से बनने वाली यह मिठाई तैयार की थी।
नवाबी शासन के पतन के बाद उन्हीं हलवाइयों की पीढ़ी ने इस मिठाई को व्यावसायिक लाभ के लिए बनाना शुरू कर दिया। बेगम साहिबा के सम्मान में ही इस मिठाई का नाम रखा गया बेलग्रामी।