अक्सर छात्र GATE और IIT JAM में कंफ्यूज हो जाते हैं। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि इन दोनों में क्या अंतर होता है। अगर आप भी नहीं जानते हैं तो यहां जान लीजिए।
बता दें GATE का फुलफॉर्म ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (Graduate Aptitude Test in Engineering) है। यह परीक्षा मुख्य रूप से इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, साइंस और कुछ अन्य विषयों में उम्मीदवारों की समझ और योग्यता जांचने के लिए आयोजित की जाती है।
इसके स्कोर के आधार पर IIT और अन्य संस्थानों में MTech, ME तथा कुछ अन्य पोस्टग्रेजुएट कार्यक्रमों में प्रवेश मिल सकता है। इसके अलावा, कई सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां (PSU) भर्ती के लिए GATE स्कोर का इस्तेमाल करती हैं।
यहां सामान्य योग्यता (General Aptitude) के साथ संबंधित विषय के प्रश्न पूछे जाते हैं। कुछ पेपर में इंजीनियरिंग मैथमेटिक्स भी शामिल होती है। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होती है और इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) और न्यूमेरिकल आंसर टाइप प्रश्न हो सकते हैं।
वहीं IIT JAM का फुलफॉर्म ज्वाइंट एडमिशन टेस्ट फॉर मास्टर्स (Joint Admission Test For Masters) है। यह परीक्षा मुख्य रूप से साइंस विषयों में पोस्टग्रेजुएशन करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है।
आईआईटी जेएएम में सात विषयों के पेपर होते हैं। इसमें केमिस्ट्री, फिजिक्स, मैथमेटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, इकोनॉमिक्स, जियोलॉजी और मैथमेटिकल स्टैटिस्टिक्स शामिल हैं।
यहां कुल 100 मार्क्स के 60 प्रश्न पूछे जाते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को 3 घंटे का समय मिलता है। प्रश्नपत्र में MCQ, MSQ और NAT तीनों प्रकार के प्रश्न शामिल होते हैं।