Bollywood Low-Budget Movies: अक्सर निर्माता फिल्मों को बनाने में अपने जीवन भर की कमाई लगा देते हैं। फिल्मों को बनाने में पानी की तरह पैसा बहाने से यह गारंटी नहीं मिल जाती है कि ये बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट ही होने वाली हैं। अब फिल्मों में दर्शक बड़े-बड़े स्टार्स को बड़े परदे पर देखने की जगह इनकी कहानी को ज्यादा महत्व देते हैं। आज हम अपनी इस रिपोर्ट के माध्यम से आपको बॉलीवुड की उन कम बजट वाली फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने रिलीज होने के बाद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुनाफा कमाया। तो चलिए इस लिस्ट पर डालें एक नजर...
अद्वैत चंदन के निर्देशन में बनी आमिर खान और जायरा वसीम की फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' ने दुनिया भर में 900 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की थी। इस मूवी का बजट केवल 15 करोड़ रुपये था।
आयुष्मान खुराना और तब्बू की फिल्म 'अंधाधुन' का बजट 32 करोड़ रुपये थे। दुनिया भर में रिलीज होने के बाद दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया और कमाई 456 करोड़ रुपये रही।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी विक्की कौशल की फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' 294 करोड़ रुपये के बिजनेस के साथ ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। निर्माताओं ने इसे बनाने में 25 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
अमर कौशक के निर्देशन में बनी राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'स्त्री' 14 करोड़ रुपये में बनकर तैयार हुई थी। इस मूवी ने 167 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था।
आयुष्मान खुराना और सान्या मल्होत्रा की 'बधाई हो' भी एक शानदार फैमिली ड्रामा थी, जिसे बनाने में 23 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इस मूवी का बिजनेस 176 करोड़ रुपये रहा था।
विद्या बालन की फिल्म 'कहानी' का क्लाइमेक्स जबरदस्त रहा था। 10 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह मूवी 104 करोड़ रुपये का बिजनेस करने में सफल रही थी।