विदेशों में चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी बहुत आम है। हालांकि भारत में लोग प्लास्टिक सर्जरी से जुड़ी कुछ गलतफहमियों का भ्रम नहीं तोड़ पाए हैं। आइए समझते हैं कौन से हैं वो भ्रम:
कई लोगों को लगता है कि सर्जरी के बाद महीनों बिस्तर पर रहना पड़ता है। हालांकि, आधुनिक तकनीक और सही तरीके से सर्जरी होने पर रिकवरी काफी तेज हो जाती है। कई बार तो मरीज उसी दिन छुट्टी पाकर हफ्ते भर में काम पर लौट जाते हैं।
यह भ्रम सुरक्षा के लिहाज से सबसे गंभीर है कि हर स्किन स्पेशलिस्ट या कॉस्मेटोलॉजिस्ट प्लास्टिक सर्जरी कर सकता है। सर्जरी से पहले डॉक्टर की योग्यता जांचना बेहद जरूरी है।
लाइपोसक्शन को वजन घटाने का आसान तरीका मान लिया जाता है, जिससे गलत उम्मीदें बनती हैं। असल में यह बॉडी कंटूरिंग प्रक्रिया है, जो शरीर को सुडौल बनाने के लिए होती है।
यह धारणा गलत है कि कॉस्मेटिक सर्जरी केवल महिलाएं करवाती हैं। पुरुष भी गायनेकोमैस्टिया, चेस्ट या पेट की लाइपोसक्शन, हेयर ट्रांसप्लांट और राइनोप्लास्टी जैसी प्रक्रियाओं के लिए आगे आ रहे हैं।
लोगों को डर रहता है कि सर्जरी के निशान हमेशा साफ दिखते रहेंगे। नई तकनीकों में चीरे इस तरह लगाए जाते हैं कि वे प्राकृतिक सिलवटों, हेयरलाइन या कपड़ों से ढके हिस्सों में छिप जाएं।
लोगों को लगता है कि प्लास्टिक सर्जरी करवाकर हम किसी भी सेलिब्रिटी जैसा चेहरा पा सकते हैं। ये सोच एकदम से बेकार है। सर्जन आपके अपने चेहरे की बनावट और त्वचा के अनुसार ही संतुलित निखार पर काम करते हैं।