अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह दो दिनों में अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। ऐसे में आज हम आपको अरविंद केजरीवाल की एजुकेशन और आईआईटी रैंक के बारे में बताएंगे।
अरविंद केजरीवाल दिल्ली के 7वें मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता हैं। केजरीवाल का जन्म 16 अगस्त 1968 को हरियाणा के सिवानी में हुआ था। एजुकेशन की बात करें तो उन्होंने अपनी शिक्षा हिसार के कैंपस स्कूल और सोनीपत के होली चाइल्ड स्कूल से प्राप्त की है।
आपको जानकर हैरानी होगी लेकिन अरविंद केजरीवाल ने भी आईआईटी जेईई परीक्षा क्रैक की है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने 1985 में IIT JEE परीक्षा पास की थी। इस परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 563 हासिल की थी।
अरविंद केजरीवाल ने इसके बाद इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT), खड़गपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। ग्रैजुएशन पूरा होने के बाद फिर साल 1989 में उन्होंने टाटा स्टील में नौकरी शुरू कर दी थी।
केजरीवाल ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए 1992 में नौकरी से इस्तीफा दे दिया। साल 1995 में सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद वह भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में शामिल हो गए। इसके बाद उन्होंने आयकर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के रूप में काम किया।