कश्मीर से लेकर बिहार तक अगले 3 से 4 दिन मौसम पूरी तरह बदला नजर आएगा। खासकर, पहाड़ों पर 20 दिसंबर से एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसमी गतिविधियां होने के चांस बढ़ गए हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20, 21 और 22 दिसंबर को नए वेदर सिस्टम से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बादल छाए रहेंगे और बारिश के साथ बर्फबारी से मौसम काफी चिल्ड होगा। वहीं, शनिवार और रविवार को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी के कुछ हिस्सों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश दर्ज की जाएगी। इन सभी राज्यों में भारी घना कोहरा छाया रहेगा, लेकिन तापमान में अधिक परिवर्तन की संभावना नहीं है, लेकिन बादलों के छटने के बाद बर्फीली हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी और कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। इधर, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भीषण कोहरा रहेगा, जिससे ट्रेनों और फ्लाइट्स सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी। उधर, दक्षिण भारत में फिलहाल किसी प्रकार के मौसमी गतिविधि को लेकर संभावना नहीं है, लेकिन पूर्वोत्तर में सर्दी और कोहरा बढ़ेगा।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और कोहरे के कारण सिहरन वाली सर्दी महसूस हो रही है। आज से एक नया वेदर सिस्टम पश्चिमी यूपी को प्रभावित कर सकता है, जिसके कारण बादलों छा सकते हैं और छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी यूपी के अधिकांश भाग यानी नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर अधिक प्रभावित रहेंगे। जबकि पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शाहजहांपुर, शामली, आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली, बिजनौर, बुलन्दशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, कानपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। कोहरे और धुंध के कारण विजिबिलिटी कम होने से ट्रेनों और फ्लाइट्स की आवाजाही पर असर दिखाई देगा। लखनऊ समेत कई जिलों में कोल्डवेव का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में अगले तीन दिन तक 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठिठुरन वाली सर्दी बढ़ेगी। आईएमडी के मुताबिक, राजधानी पटना, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, वैशाली, समस्तीपुर, सीवान, सारण, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, कटिहार, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, सुपौल, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आसपास पहुंचने से ठंड का असर बढ़ सकता है। जानकारी के मुताबिक, कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पहले ही प्रभावित होने लगा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले 2 दिन न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
हरियाणा में 24 दिसंबर तक अधिकांश हिस्सों में मौसम बदला रहेगा 20 दिसंबर यानी शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 2 दिन बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। बादलों के आने से दिन में थोड़ा तापमान बढ़ सकता है, लेकिन शाम और सुबह सर्दी काफी समस्याएं उत्पन्न कर सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के अधिकांश भागों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम साफ होने के बाद सर्द हवाएं बढेंगी, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। कमोबेश ऐसा ही मौसम दिल्ली-एनसीआर में रहेगा, लेकिन बादलों के अलावा बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं है। हालांकि, कोहरा और पॉल्यूशन बढ़ा रहेगा।
पंजाब में शनिवार और रविवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मौसम का मिजाज बदलने से अगले दिनों में तेजी तापमान गिरेगा और सर्दी का असर बढ़ेगा। अगर बात कोहरे की करें तो अब पटियाला, अंबाला, लुधियाना, अमृतसर, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, आदमपुर और गुरदासपुर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। कोहरे से विजिबिलिटी कम होने से ट्रेनों की गति धीमी होगी और हवाई अड्डों पर फ्लाइट्स का परिचालन बाधित होगा।
हिमाचल प्रदेश में भी अगले 2 दिन तक मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है। आईएमडी का अनुमान है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 20 और 21 दिसंबर को लाहौल स्पीति, चंबा, किन्नौर, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की जा सकती है। इनमें से अधिकांश जिलों में कोहरे की लेयर छाई नजर आएगी। मौसम साफ होने के बाद पूरे राज्य में तेज सर्द हवाएं चलेंगी और कड़ाके की ठंड महसूस होगी। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भी मौसम खराब होने के संकेत दिए हैं। 22 दिसंबर को पर्वतीय इलाकों में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी के साथ बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। अब पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक घना कोहरा छाया नजर आएगा और अपेक्षा से अधिक ठंडी महसूस होगी।
जम्मू-कश्मीर में 20 और 21 दिसंबर को ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग का अनुमान है कि कुपवाड़ा, बारामूला, गांदरबल और बांदीपोरा समेत कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी जारी रह सकती है। इस दौरान श्रीनगर में माइनस 2 डिग्री, पहलगाम में माइनस 2.5 और गुलमर्ग में 2 डिग्री, बनिहाल में 3.4 भद्रवाह में 2.2 डिग्री कटरा में 8.9, बटोटे में 6.4 और जम्मू शहर में 9.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहने का अनुमान है। अब 40 दिनों तक कहर बरपाने वाले 'चिल्लई कलां' के दस्तक देने की तारीख भी आ गई है। कल यानी 21 दिसंबर से चिल्लई कलां' शुरू होगा और 30 जनवरी तक सर्दी और बर्फबारी का सिलसिला जारी रखेगा।
राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 दिसंबर तक कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि, बादलों के आने से न्यूनतम तापमान में एक से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। भरतपुर संभाग समेत कई हिस्सों में 20 दिसंबर को घना कोहरा छाया रहेगा और 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। सीकर 4.0 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ ठंडी जगहों पर पहले स्थान पर बना हुआ है।
मध्य प्रदेश में मौसम काफी सर्द हो चला है। अधिकांश जिलों में शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक जारी है। खासकर, मालवा-निवाड़, इंदौर और उज्जैन संभाग के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया, जिससे गलन वाली सर्दी महसूस हो रही। मौसम विभाग ने पिछले 2 दिनों से राजधानी भोपाल, ग्वालियर, चंबल, संभाग, मुरैना, भिंड, टीकमगढ़, मऊगंज, सीधी, सिगरौली, रायसेन, रीवा, सतना, मैहर, छतरपुर और दतिया में घने कोहरे का अलर्ट जारी रखा है। आईएमडी का कहना है कि पहाड़ों की ओर से आने वाली सर्द हवाएं तापमान को और गिराएंगी। शनिवार और रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से हल्की बदली छाने की संभावना है
झारखंड में अगले चार दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी बुरी तरह प्रभावित रहेगी। खासकर, पलामू, देवघर, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी रहेगा। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि निचले क्षोभमंडल में हल्की दक्षिण-पूर्वी से पूर्वी हवाएं चल रही हैं। उत्तरी और कुछ मध्य जिलों के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। यह स्थिति 23 दिसंबर तक बनी रहेगी। रांची में सबसे कम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस, गुमला 6.7 डिग्री, खूंटी 7.5 और लोहरदगा 7.4 डिग्री के आसपास रह सकता है। अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है।