टीवीसी की शुरुआत 1991 की मूल टाटा सिएरा से होती है, जिसने भारत में लाइफस्टाइल एसयूवी की अवधारणा को जन्म दिया था। वीडियो के वॉयसओवर में कहा गया है “Sierra was not just driven. It was admired, desired- extraordinary.” भावनात्मक संगीत और खूबसूरत सिनेमैटोग्राफी के जरिए टाटा ने उस आजादी, आत्मविश्वास और विशिष्टता की भावना को दोबारा जीवंत किया है, जिसने सिएरा को अपने समय से आगे की कार बना दिया था।
नई टाटा सिएरा 2025 ने पुराने मॉडल की आत्मा को बरकरार रखते हुए टाटा के नए डिजाइन लैंग्वेज को अपनाया है। टीवीसी में SUV के कुछ खास फीचर्स को दिखाया गया है जिसमें सिग्नेचर Alpine विंडो डिजाइन का आधुनिक रूप, शार्प LED हेडलैंप्स, फ्लश डोर हैंडल्स, कनेक्टेड टेल लैंप्स और बड़े एलॉय व्हील्स जो इसे दमदार और प्रीमियम लुक देते हैं।
टाटा सिएरा को कंपनी अपने Curvv और Harrier के बीच पोजिशन करेगी। शुरुआत में इसे ICE वर्जन में लॉन्च किया जाएगा, जिसमें नया 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जाएगा जो 170PS पावर और 280Nm टॉर्क जनरेट करेगा। इसके अलावा, 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन वाला बेस वेरिएंट भी पेश किया जाएगा, जो 120PS पावर और 140Nm टॉर्क देगा, जिससे शुरुआती कीमत को किफायती रखा जा सके।
टीवीसी के अंत में सिएरा को रेतीले टीलों पर दौड़ते हुए दिखाया गया है, जो इसके इलेक्ट्रिक वर्जन (Sierra EV) की ओर इशारा करता है। इस मॉडल में बॉडी-कलर्ड क्लोज्ड ग्रिल दी गई है, जो ICE वर्जन के गहरे फ्रंट एप्रन से अलग है। इलेक्ट्रिक सिएरा में क्वाड-मोटर AWD टेक्नोलॉजी दिए जाने की उम्मीद है, जो इसे बेहतरीन ऑफ-रोड परफॉर्मेंस और तुरंत टॉर्क डिलीवरी प्रदान करेगी।
नई टाटा सिएरा 2025 का भव्य लॉन्च 25 नवंबर 2025 को होने जा रहा है। कंपनी ने इसे टैगलाइन दी है “The Original Returns. Still Original.” यह टैगलाइन बताती है कि टाटा मोटर्स अपनी सबसे प्रिय SUV को नई पीढ़ी के लिए फिर से जीवंत करने जा रही है।