हैचबैक, सेडान, कॉम्पैक्ट एसयूवी और मिडसाइज एसयूवी लगभग सभी गाड़ियों की कीमतें कम हुई हैं। आइए जानते हैं उन टॉप 5 कॉम्पैक्ट एसयूवी के बारे में, जिनकी कीमत अब पहले से ज्यादा किफायती हो गई है और इन्हें खरीदने का यही परफेक्ट समय है।
मारुति ब्रेजा की लंबाई 4 मीटर से कम है, लेकिन इसमें 1.5L पेट्रोल इंजन दिया गया है। इस वजह से इसे नई जीएसटी दरों में खास फायदा नहीं मिला। पहले यह 45 प्रतिशत (28% GST + 17% Cess) टैक्स स्लैब में आती थी, लेकिन अब इसे 40 प्रतिशत GST स्लैब में रखा गया है। नतीजतन, इसकी कीमत 30,000 रुपये से 48,000 रुपये तक कम हो गई है। अब यह SUV 8.39-13.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की रेंज में खरीदी जा सकती है।
हुंडई वेन्यू को GST 2.0 से सबसे ज्यादा फायदा मिला है। इस SUV की कीमतों में 1.32 लाख रुपये तक की कटौती हुई है। पहले इसके पेट्रोल (1.0L और 1.2L) और डीजल (1.5L) मॉडल्स पर क्रमशः 29% और 31% टैक्स लगता था। अब सभी वेरिएंट्स 18% GST स्लैब में आ गए हैं। नई कीमतों के बाद वेन्यू अब 7.26-12.05 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध होगी।
किआ सोनट को भी GST 2.0 के तहत वेन्यू जैसी ही छूट मिली है। इसकी कीमत में 70,000 रुपये से 1.64 लाख रुपये तक की कटौती हुई है। पहले इस पर भी पेट्रोल और डीजल के लिए क्रमशः 29% और 31% टैक्स लगता था, जो अब 18% हो गया है। पहले इसकी कीमत 8-15.74 लाख रुपये थी, लेकिन अब यह 7.30-14.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच खरीदी जा सकती है।
महिंद्रा देश की पहली ऑटो कंपनी है जिसने 6 सितंबर से ही GST 2.0 का फायदा ग्राहकों को देना शुरू कर दिया था। इसकी XUV 3XO की कीमत पेट्रोल और डीजल वेरिएंट्स में क्रमशः 1.40 लाख रुपये और 1.56 लाख रुपये तक घटाई गई है। पहले यह SUV 7.99-15.80 लाख रुपये की रेंज में बिक रही थी, लेकिन अब इसे 7.28-14.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में खरीदा जा सकता है।
टाटा मोटर्स ने भी अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV Nexon की कीमत घटाने का ऐलान किया है। अब इसकी कीमतों में 68,000 रुपये से 1.55 लाख रुपये तक की कमी आई है। पहले पेट्रोल और डीजल वेरिएंट्स पर क्रमशः 29% और 31% टैक्स लगता था, लेकिन अब सभी वेरिएंट्स को 18% GST स्लैब में शामिल किया गया है। अब नेक्सन की नई कीमत 7.32-13.88 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो गई है।