बिहार चुनाव 2020 फेज 2 इलेक्शन: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 53.51 फीसदी वोटिंग दर्ज
बिहार विधानसभा चुनाव फेज 2 इलेक्शन (Bihar Chunav Phase 2 ) : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो गया 17 जिलों की 94 सीटों के लिए वोट डाले गए, कई बड़े नामों के भविष्य पर फैसला हो गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत प्रदेश के 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। इस चरण में करीब 2.85 करोड़ मतदाता चुनाव मैदान में उतरे जिन्होंने 1463 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर दिया। इस चरण में आरजेडी के 56 तो जदयू के 43 उम्मीदवारों के अलावा भाजपा के 46, कांग्रेस के 24, सीपीआई के चार, सीपीएम के चार, एलजेपी के 52 और आरएलएसपी के 36 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। बिहार के चुनावी दंगल में एनडीए से सीधी टक्कर विपक्षी दल के महागठबंधन से मानी जा रही है।
वोटिंग संपन्न तेजस्वी, तेजप्रताप सहित 1463 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को 17 जिलों के 94 विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न हो गया, इस चरण में 53.51 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है, वहीं पटना जिले की बात करें तो यहां वोटिंग प्रतिशत कम रहा वहां 48.24 फीसदी मतदान हुआ है। इस चरण में मतदान के साथ ही राजद नेता तेजस्वी, तेजप्रताप सहित 1463 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो गया।
बिहार में कोरोना पर भारी पड़ा मतदाताओं का जोश, राज्य में अब तक 53.51% मतदान
बिहार में दूसरे चरण में पांच बजे तक 46.58 फीसदी मतदान
शाम 3 बजे तक 44.51 प्रतिशत वोटिंग
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शाम तीन बजे तक 44.51 प्रतिशत मतदान होने की खबर है। राज्य में पहले चरण के तहत 28 अक्टूबर को वोट डाले गए। राज्य में तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा जबकि चुनाव नतीजे 10 नवंबर को आएगा। कोरोना संकट के बीच देश में यह पहला चुनाव हो रहा है।
'कुछ लोग भारत माता की जय नहीं कहते'
पीएम मोदी ने सहरसा की रैली में कहा कि 'लोगों का एक समूह है जो 'भारत माता की जय' अथवा 'जय श्री राम' नहीं कहना चाहता। ये सभी लोग एक साथ आ गए हैं और आप से वोट मांग रहे हैं। ऐसे लोगों को चुनाव में करारा जवाब देने की जरूरत है।'
दोपहर 1 बजे तक 32.82% मतदान
बिहार विधानसभा के दूसरे चरण में दोपहर एक बजे तक 32.82% मतदान हुआ है। उम्मीद है कि इस बार पहले चरण से ज्यादा मतदान होगा। दूसरे चरण में 17 जिलों की 94 सीटों पर मतदान हो रहा है। तीसरे चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा और चुनाव नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।
'जंगलराज' की तरफ बिहार को ले जाना चाहते है महागठबंधन
'जंगलराज' वाले लोगों ने गरीब लोगों को चुनाव से दूर कर दिया था। बिहार के गरीब को अपनी मर्जी का सरकार बनाने का अधिकार नहीं था। 'जंगलराज' के दिनों में गरीबों को घरों से निकलने नहीं दिया जाता था। बूथ के बूथ लूट लिये जाते थे। वे फिर से बिहार को 'जंगलराज' की तरफ ले जाना चाहते हैं।
'बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी'
सहरसा में रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है। बिहार के लोग आत्मनिर्भर भारत, आत्मनिर्भर बिहार के लिए प्रतिबद्ध हैं। बीते वर्षों में एक नए उदयवान बिहार की नीव रखी जा चुकी है। इस नीव पर एक भव्य एवं आधुनिक बिहार के निर्माण का समय है। यह संकल्प तभी पूरा होगा जब केंद्र एवं राज्य दोनों जगहों पर एनडीए की सरकार होगी। बिहार को इससे डबल इंजन की ताकत मिलेगी। बिहार में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। यहां का सामर्थ्य बिहार के एक-एक व्यक्ति के नागरिक से बनता है।
लव के पक्ष में आएगा बांकीपुर का नतीजा
दोपहर 12 बजे तक 19.30 प्रतिशत मतदान
बिहार में मतदान रफ्तार पकड़ चुकी है। पहले चरण के मुकाबले इस बार ज्यादा संख्या में लोग वोट के लिए बाहर निकल रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक 19.30 प्रतिशत मतदान होने की खबर है।
मतदान को लेकर लोगों में उत्साह, दिग्ग्जों ने भी किया मतदान
बिहार में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान को लेकर लोगों में उत्साह दिख रहा है। आम से लेकर खास तक घरों से निकल रहे हैं और मतदान केंद्र पहुंच कर वोट डाल रहे हैं। निर्वाचन आयोग का भी मानना है कि दिन चढ़ने के बाद मतदाताओं की संख्या बढेगी। इस बीच, कोरोना काल में हो रहे मतदान को लेकर खास तैयारी की गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल बेतिया विधानसभा के बूथ संख्या 61 पर मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व का सहभागी बने। उन्होंने लोगों से मतदान करने की भी अपील की।
बिहार के लोगों ने 'डबल-डबल युवराजों' को नकारा
बिहार के घरों में अब पाइप से गैस पहुंचेगा। बिहार के हर गरीब को पक्की छत मिलेगा। सड़कों की स्थिति सुधरी है। अब यह दशक एयरपोर्ट देने वाला है। यह दशक बिहार के लिए नई उड़ान वाला है। एनडीए सरकार बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है। बिना भेदभाव के किसानों के खातों में आर्थिक मदद पहुंची है। महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया है। अररिया इलाके में साढ़े लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया है। बिहार की पवित्र भूमि ने ठान लिया है कि इस नए दशक में बिहार को नई ऊंचाई पर पहुंचाएंगे। बिहार के लोगों ने जंगलराज को, 'डबल-डबल युवराजों' को सिरे से नकार दिया है।
पीएम मोदी का महागठबंधन पर हमला
फारबिसगंज में PM मोदी ने EC को धन्यवाद दिया
फारबिसगंज में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों ने पूरे विश्व को एक संकेत दिया है। कोरोना के इस संकट काल में जब दुनिया भर में हड़कंप मचा है। ऐसे में बिहार के लोग अपने घरों से निकल रहे हैं, मतदान कर रहे हैं। लोकतंत्र के प्रति हर बिहारी का समर्पण ये पूरे विश्व के लिए एक संदेश है। संकट के समय में यह भरोसा जगाने वाली घटना है। संकटपूर्ण चुनाव में चुनाव कराने के लिए मैं चुनाव आयोग को धन्यवाद देता हूं।
तेज प्रताप के ससुर चंद्रिका राय ने वोट डाला
लालू प्रसाद यादव के समधी एवं तेज प्रताप यादव के ससुर चंद्रिका राय ने छपरा की परसा सीट से जद-यू के उम्मीदवार हैं। उन्होंने अपना वोट डाला है। वोट डालने के बाद राय ने कहा कि खोखले वादे करना बेकार है। यदि 10 लाख सरकारी नौकरी देना इतना ही आसान होता तो हर कोई इस तरह के वादे करता। यह आसान काम नहीं है।
सुबह नौ बजे तक 8.05 प्रतिशत मतदान
बिहार चुनाव आयोग के अधिकारी का कहना है कि सुबह नौ बजे तक राज्य में 8.05 प्रतिशत मतदान होने की सूचना है।
बिहार की प्रगति बनाए रखने के लिए वोट करें: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में शांति, समृद्धि और प्रगति बनाए रखने के लिए राज्य की जनता से अधिक से अधिक संख्या में मतदान की अपील की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘हर बिहारवासी का बहुमूल्य वोट ही प्रदेश को लूट और अपराध के काले युग से निकाल कर विकास और सुशासन के सुनहरे पथ पर लाया है। आज दूसरे चरण के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि प्रदेश में शांति, समृद्धि और प्रगति बनाये रखने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करें।’ बिहार विधानसभा चुनाव में आज दूसरे चरण के तहत राज्य के 17 जिलों की 94 सीटों पर मतदान हो रहा है।
वोट डालने पहुंचे नित्यानंद राय
दीघा में सीएम नीतीश ने डाला वोट
बिहार चुनाव के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना वोट डाला है। नीतीश अपना वोट डालने दीघा में एक सरकारी स्कूल में बने मतदान केंद्र पहुंचे। वोट डालने के बाद मुख्यमंत्री ने स्याही लगी अपनी उंगली दिखाई। मतदान करने के बाद नीतीश ने कहा कि वोट डालने के लिए सभी को अपने घरों से बाहर आना चाहिए।
सुशील मोदी, तेजस्वी, तेज प्रताप और राबड़ी ने डाला वोट
पीएम ने भारी संख्या में मतदान की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार के लोगों से भारी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के उत्सव को सफल बनाने की अपील की। बिहार विधानसभा चुनाव में आज दूसरे चरण के तहत राज्य के 17 जिलों की 94 सीटों पर मतदान हो रहा है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे भारी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाएं। इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन करने के साथ ही मास्क जरूर पहनें।’ बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में राज्य की 71 विधानसभा सीटों पर 55.69 फीसदी मतदान हुआ था।
दादी को साइकिल पर बिठाकर वोट डालने पहुंची लड़की
लोजपा नेता चिराग ने डाला वोट
बिहार के राज्यपाल ने डाला वोट
मतदान केंद्रों पर वोटिंग की तैयारी
दूसरे चरण की वोटिंग के लिए मतदान केंद्रों पर तैयारी शुरू हो गई है। दूसरे चरण के तहत 17 जिलों की 94 सीटों पर मतदान होने जा रहा है। इस चुनाव में नीतीश सरकार के चार मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। 2015 के विस चुनाव में इन सीटों पर महागठबंधन की बढ़त थी लेकिन इस बार जद-यू गठबंधन का हिस्सा नहीं है। तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, लव सिन्हा, पुष्पम प्रिया और सरयू राय की चुनावी किस्मत का फैसला भी आज होगा।
तेजस्वी बोले- बिहार में इस बार बदलाव के लिए हो रही वोटिंग
कोरोना से भी बचाव जरूरी
चुनाव आयोग ने कोविड-19 से बचाव के लिए निर्धारित मापदंडों के पालन के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कोरोना से बचाव के लिए पूरे राज्य में हैंड सैनिटाइजर्स (100 एमएल) की 1278224 बोतल, हैंड सैनिटाइजर्स (500 एमएल) की 639156 बोतल, 106526 इन्फ्रारेड थर्मोमीटर, 2557882 ग्लब्स (दस्ताना जोड़ी में), 66090800 दस्ताना (एक हाथ का), 5625831 मास्क एवं 1278221 फेस शील्ड उपलब्ध कराए गए हैं। चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को कोविड-19 किट दिए गए हैं।
तेजस्वी यादव और तेजप्रताप का भविष्य दांव पर
इस चरण में तेजस्वी यादव और उनके भाई तेजप्रताप यादव सहित कई युवा नेताओं के सियासी भविष्य भी दांव पर लगे हैं। तेजस्वी राघोपुर से उम्मीदवार हैं। तेजप्रताप समस्तीपुर के हसनपुर से चुनावी मैदान में हैं। लव सिन्हा और पुष्पम प्रिया चौधरी पटना के बांकीपुर सीट से चुनावी मैदान में हैं।
नीतीश के मंत्री मैदान में
इस चरण में नीतीश मंत्रिमंडल के कई सदस्यों के राजनीतिक भविष्य को भी मतदाता तय करेंगे। पटना साहिब से पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, मधुबन से सहकारिता मंत्री रंधीर सिंह, नालंदा से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार का भी राजनीतिक भविष्य दांव पर है।

