पटना में दिल दहला देने वाली घटना, शादी में हुए झगड़े से ऐसा गुस्साया पति कि कर डाली नई नवेली दुल्हन की हत्या

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 18, 2022, 06:56 PM IST

पटना में एक नवविवाहिता की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण शादी के दौरान ससुराल में हुए विवाद को लेकर पति का गुस्सा होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पटना में दिल दहला देने वाली घटना, शादी में हुए झगड़े से ऐसा गुस्साया पति कि कर डाली नई नवेली दुल्हन की हत्या
Photo Credit: ANI

Patna News: पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मीरापुर गांव में शुक्रवार की रात एक युवक ने अपनी 19 वर्षीय नवविवाहिता पत्नी को अपने खेत में बनी एक झोपड़ी में ले जाकर गोली मार हत्या कर दी। विवाहिता की शादी को अभी एक महीने भी नहीं हुए थे। हाथों से मेहंदी की लाली अभी नहीं छूटी थी। ढेरों सपने संजोए वह ससुराल आई थी पर नियति को कुछ और ही मंजूर था। निर्दयी पति ने उसे मौत की नींद सुला दिया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना का कारण स्पष्ट पता नहीं चल सका है। दोनों की शादी को अभी एक महीना भी नहीं हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि शादी के दौरान ससुराल में हुए विवाद के कारण युवक काफी गुस्‍से में रहता था। लोगों का कहना है कि इसी नाराजगी की वजह से उसने इस घटना को अंजाम दिया होगा।

पत्नी को खेत में बनी झोपड़ी में ले जाकर मारी गोली

मिली जानकारी के अनुसार थाना मसौढ़ी के मीरापुर गांव के सुरेश प्रसाद यादव के पुत्र भुरू यादव की शादी 31 मई को इसी थाना क्षेत्र के इस्‍लामपुर गांव में हुई थी। भुरू यादव ने गांव में एक बीघा खेत में सब्जी की खेती की है। खेत के पास ही एक झोपड़ी भी बना रखी है। उसपर आरोप है कि वह शुक्रवार की रात अपनी पत्नी को बहला फुसलाकर उस झोपड़ी में ले गया था। वहां गोली मारकर नवविवाहिता की हत्या कर दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। 

शादी के दौरान हुआ था वर-वधू पक्ष में झगड़ा

बता दें कि फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक घटना का कारण शादी के दौरान ससुराल में वर व वधू पक्ष के बीच हुए झगड़े को बताया जा रहा है। शादी के दौरान दोनों पक्षों में हुए झगड़े में भुरू यादव का विवाद ससुराल पक्ष के लोगों से हुआ था। तब से वह काफी आक्रोशित रहता था। आशंका है कि इसी गुस्से में उसने पत्नी की गोली मारकर हत्‍या कर दी है। इधर, थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना के कारणों की जांच-पड़ताल की जा रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!