मुंबई के बादलों ने इशारा कर दिया था कि अब वो झमाझम बरसने वाले हैं। बादलों के इशारे पर मुंबईकरों ने समझा और छाते के सहारे काम पर निकल पड़े। बता दें कि मुंबई में बारिश आमतौर पर 10 जून को दस्तक देती है। लेकिन इस बार एक दिन पहले बारिश में सभी लोग सराबोर हो गए।
यह झमाझम बारिश से पहले की तस्वीर है जब बादलों से बारिश की बूंदे बरसने को बेताब हैं। मुंबई की सड़कों पर यातायात पहले की तरह सामान्य है। लोग अलग अलग सवारियों में अपने दफ्तरों की तरफ निकल पड़े हैं। सभी को जल्दी है कि जल्द से जल्द वो अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
यह तस्वीर खुद ब खुद गवाही दे रही है कि बारिश ने मायानगरी को किस हद तक भिगोया होगा। इस तस्वीर में एक समाचार एजेंसी के दो बंदे हैं जो अपनी छतरी की मदद से बारिश के थमने का इंतजार कर रहे हैं तो दूसरी तरफ बस स्टैंड पर एक शख्स अपनी सवारी का इंतजार कर रहा है।
झमामझ बारिश के बीच यह बिल्डिंग भी ठंडक पाने का अहसास कर रही है। मुंबई में आमतौर पर जब मानसून दस्तक देता है तो अमूमन हर दिन थोड़ी बहुत बारिश हो ही जाती है। इसके अलावा ज्यादा बारिश होने पर अलग अलग इलाकों में जलभराव का सामना करना पड़ता है।