Corona: महाराष्ट्र में अगले 6 महीने तक मॉस्क पहनना जरूरी, सरकार ने कहा 'इलाज' से बेहतर 'बचाव'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 20, 2020, 03:14 PM IST

महाराष्ट्र में कोरोना मामलों की रफ्तार को देखते हुए राज्य सरकार ने कुछ अहम कदम उठाए हैं, कहा जा रहा है कि अब राज्य में 6 महीने तक मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है।

Corona: महाराष्ट्र में अगले 6 महीने तक मॉस्क पहनना जरूरी, सरकार ने कहा 'इलाज' से बेहतर 'बचाव'

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने  कहा कि अगले छह महीने तक राज्य में मास्क पहनना अनिवार्य है। राज्य की जनता को सोशल मीडिया के जरिये संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि विशेषज्ञ एक बार फिर रात को कर्फ्यू या दूसरा लॉकडाउन लागू करने के पक्ष में हैं लेकिन वह ऐसे कदम के समर्थन में नहीं हैं।उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण पर पूरी तरह से लगाम नहीं लगाया जा सका है, फिर भी स्थिति नियंत्रण में है।

ठाकरे ने कहा, 'इलाज से बेहतर बचाव है। कम से कम अगले छह महीने तक सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने की आदत बना लेनी चाहिए।' गौरतलब है कि महाराष्ट्र में शनिवार को 3,940 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि होने के साथ राज्य में अब तक सामने आए कुल मामलों की संख्या बढ़कर 18,92,707 हो गई है। वहीं गत 24 घंटों में 74 और लोगों की मौत के साथ राज्य से महामारी में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 48,648 तक पहुंच गई है।

राज्य में कुल 18,92,707 लोग वायरस की चपेट में

महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,940 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही राज्य में अब तक कुल 18,92,707 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।उन्होंने कहा कि इसी अवधि में कोविड-19 के 74 मरीजों की मौत होने के बाद राज्य में महामारी से अब तक 48,648 लोग जान गंवा चुके हैं।

वहीं, संक्रमणमुक्त होने के बाद शनिवार को 3,119 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। महाराष्ट्र में अब तक 17,81,841 मरीज संक्रमणमुक्त हो चुके हैं जबकि 61,095 मरीज उपचाराधीन हैं।मुंबई में संक्रमण के 632 नए मामले सामने आने के बाद शहर में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2,86,264 तक पहुंच गई जबकि नौ और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 10,980 हो गई।राज्य में अब तक 1,20,59,235 नमूनों की जांच हो चुकी है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!