VIDEO: मुंबई में भारी बारिश, रास्ते में फंस गईं 2 लोकल ट्रेनें, NDRF ने इस तरह लोगों को निकाला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2020, 12:55 AM IST

Mumbai rains: मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। 2 लोकल ट्रेनें रास्ते में फंस गईं। इसमें से लोगों को NDRF ने सुरक्षित बाहर निकाला। कई जगह पानी भर गया है।

VIDEO: मुंबई में भारी बारिश, रास्ते में फंस गईं 2 लोकल ट्रेनें, NDRF ने इस तरह लोगों को निकाला

मुंबई: महाराष्ट्र में मुंबई समेत कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई में भारी बारिश की वजह से रेलवे ट्रैक में पानी भर जाने से मस्जिद और भायखाला रेलवे स्टेशनों के बीच दो ट्रेनें फंस गईं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। एनडीआरएफ ने 40 लोगों को बाहर निकाल लिया है। सीएसटी से कर्जत जाने वाले पहली लोकल से 150 यात्रियों को रेलवे कर्मचारियों ने बचाया। लगभग 100-120 और फंसे थे। कर्जत से सीएसटी की ओर आने वाली एक अन्य लोकल मस्जिद स्टेशन से 60 मीटर पर फंस गई।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने जानकारी दी है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भारी बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में व्याप्त स्थिति के बारे में महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से बात की है। पीएम ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। 

मुंबई में बारिश से कई जगहों पर जलभराव की स्थिति हो गई है, जिससे भारी जाम लग रहा है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई और आसपास के इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के मद्देनजर लोगों से जरूरी नहीं होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। सीएम ने हालात का जायजा लिया और बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) से कहा कि पुलिस, रेलवे अधिकारियों, स्वास्थ्य महकमे और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के साथ समन्वय करें ताकि यह सनिश्चित किया जा सके कि लोगों को कोई परेशानी नहीं हो। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ठाकरे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे भारी बारिश की वजह से जलजमाव,पेड़ उखड़ने और बिजली आपूर्ति बाधिक होने जैसी स्थितियों की निगरानी करें। 

मुंबई और पड़ोसी ठाणे और पालघर जिले में बुधवार को भारी बारिश हुई और रेल पटरियों पर पानी जमा हो जाने से उपनगरीय रेल सेवा प्रभावित हुई। वहीं तेज हवाओं और भारी बारिश से प्रमुख शेयर बाजार बीएसई मुख्यालय के शीर्ष पर लगा उसका प्रतीक चिन्ह क्षतिग्रस्त होकर झूलने लगा। अधिकारियों ने कहा कि बीएसई की छत पर लगा यह प्रतीक चिन्ह टूट गया और यह भवन से नीचे की ओर लटक गया। चूंकि कर्मचारी प्रतीक चिन्ह को उतारने में असमर्थ थे, इसलिए दमकल अधिकारियों की मदद ली गई।  

भारी बारिश और भीषण हवाओं के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार सुबह तक मूसलाधार बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान किया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!