Mumbai News: ससुराल गए युवक ने की मालिश की डिमांड, मना करने पर सास-ससुर को कुल्हाड़ी से काट डाला, ये था मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 27, 2022, 07:25 PM IST

Nagpur Crime News: नागपुर में मामूली सी बात को लेकर घर का दामाद हैवान बन गया। उसने पत्नी और बेटी को घायल कर दिया है जो अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराई गई हैं। आरोपी ने अपने सास-ससुर को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया है।

Mumbai News: ससुराल गए युवक ने की मालिश की डिमांड, मना करने पर सास-ससुर को कुल्हाड़ी से काट डाला, ये था मामला
Photo Credit: BCCL

Nagpur Double Murder Case: एक दामाद छोटी सी बात पर दानव बन गया और पूरा घर तबाह कर दिया। नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र के अमर नगर से डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल, यहां सिर की मालिश को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद 42 वर्षीय एक आरोपी ने ससुराल में अपनी पत्नी और बेटी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। उन दोनों को बचाने आए सास-ससुर को मौत के घाट उतार दिया। दरिंदगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है जहां ये घटना हुई वहीं की दीवारें खून से लाल हो गईं।  

मिली जानकारी के मुताबिक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला आरोपी निर्मू सीता यादव अपनी पत्नी और बेटी के साथ अमर नगर स्थित अपने ससुराल में रहता था। उनके साथ उसके सास-ससुर भगवान बालकृष्ण रावहरे (75) और पुष्पा भगवान रावहरे (65) भी रहते थे। 

ये था पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक निर्मू को कथित तौर पर तेज सिरदर्द हो रहा था। जिसके बाद उसने अपनी पत्नी कल्पना यादव (35) से सिर की मालिश करने के लिए कहा था। बता दें कि कल्पना ने मालिश करने से मना कर दिया और उसे धक्का दे दिया। इससे नाराज होकर निर्मू ने उससे हाथापाई करनी शुरू कर दी। मामले के बढ़ने पर कल्पना के माता-पिता भगवान और पुष्पा भी बीच-बचाव करने पहुंच गए। इसके बाद गुस्से से आगबबूला हुए निर्मू ने कुल्हाड़ी उठा ली और दोनों सास-ससुर की मौके पर ही हत्या कर डाली।

पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपी को पकड़ा

बता दें कि सास-ससुर की हत्या करने के बाद भी निर्मू नहीं रुका, उसने अपनी पत्नी कल्पना और बेटी मुस्कान (16) पर भी जानलेवा हमला कर दिया। दोनों मां-बेटी लता मंगेशकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही हैं। बता दें कि घटना को अंजाम देने के बाद निर्मू मौके से फरार हो गया था। हालांकि बाद में नागपुर क्राइम ब्रांच की यूनिट वन ने उसे पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!