Mumbai Crime: शराब पीकर बाप पीट रहा था मां और भाई को, बेटे से नहीं हुआ बर्दाश्त, तो दिया इस खौफनाक घटना को अंजाम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 7, 2022, 01:25 PM IST

Mumbai Crime News: पुलिस ने 20 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। वह अपने पिता की शराब की लत से काफी परेशान था, जिसके चलते बेटे ने कथित तौर पर पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। मृतक की पहचान विजय चौधरी के तौर पर हुई है।

Mumbai Crime: शराब पीकर बाप पीट रहा था मां और भाई को, बेटे से नहीं हुआ बर्दाश्त, तो दिया इस खौफनाक घटना को अंजाम
Photo Credit: Representative Image

Mumbai Crime News: बाप-बेटे का रिश्ता तब तार-तार हो गया जब बेटे ने पिता की हत्या कर दी। मामला महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर का है। पुलिस ने 20 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। वह अपने पिता की शराब की लत से काफी परेशान था, जिसके चलते बेटे ने कथित तौर पर पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी बेटे का पिता शराब पीने के बाद घर में झगड़ा करता था।

आरोपी का पहचान मृतक के बड़े बेटे के रूप में हुई है। जबकि मृतक की पहचान विजय चौधरी के तौर पर हुई है। मृतक विजय बीती 4 अगस्त की रात को भाग्य नगर स्थित अपने घर शराब के नशे में पहुंचा। इसके बाद वह अपनी पत्नी से झगड़ा करने लगा और फिर पीटना शुरू कर दिया।

मृतक शराब पीकर बेटे और पत्नी को पीटने लगा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विजय चौधरी शराबी था। गुरुवार की देर रात उसका पत्नी से झगड़ा हो गया था। इसके बाद विजय चौधरी ने अपनी पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान पति-पत्नी का छोटा बेटा बीच-बचाव करने लगा। वह अपने पिता से अपनी मां के साथ ऐसे बर्ताव करने पर सवाल करने लगा, लेकिन फिर विजय चौधरी ने पत्नी के साथ अपने छोटे बेटे को भी पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच विजय का बड़ा बेटा घर आया।

आरोपी बेटे ने लोहे की रॉड से की हत्या

बड़ा बेटा अपने पिता की पिटाई से अपने छोटे भाई को बचाने की कोशिश करने लगा, लेकिन, जब विजय चौधरी रुका नहीं, तो बड़े बेटे ने घर में पड़ी लोहे की रॉड उठाई और अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों भाई की मां ने पुलिस को सूचना दी जो मौके पर पहुंची और बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या की सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!