Mumbai coronavirus: मुंबई में कोरोना के मामले बढ़कर 61501 हुए, मरने वालों की संख्या 3242 हुई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 18, 2020, 06:15 AM IST

Mumbai coronavirus: मुंबई में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 61,501 हो गए हैं, जबकि महाराष्ट्र में कुल मामले 1,16,752 हो गए हैं। महाराष्ट्र में कोरोना से अब तक 5651 लोगों की मौत हुई है।

Mumbai coronavirus: मुंबई में कोरोना के मामले बढ़कर 61501 हुए, मरने वालों की संख्या 3242 हुई

मुंबई: मुंबई में बुधवार को कोरोना वायरस के 1,359 नए मामले सामने आए जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 61,501 पहुंच गई। वहीं पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 77 मरीजों की मौत के बाद महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 3,242 पहुंच गई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी। 

बीएमसी ने कहा कि अस्पतालों से 298 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई जिसके बाद शहर में कोविड-19 से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 31,338 हो गई। मुंबई में अभी कोविड-19 के 26,921 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि बुधवार को 761और संदिग्ध मरीजों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

धारावी में अब तक 78 मौतें

वहीं मुंबई के धारावी में बुधवार को 17 और लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिससे इस झुग्गी इलाके में संक्रमितों की संख्या 2,106 तक पहुंच गई। नगर निकाय ने यह जानकारी दी। बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धारावी में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के कारण 1 मौत हुई है, जिससे मृतकों की संख्या 78 हो गई है। उन्होंने बताया कि 2,106 पुष्ट मामलों में से 1,053 रोगियों को संक्रमण से उबरने के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी 2.5 वर्ग किलोमीटर में फैली हुई है और इसकी आबादी 6.5 लाख से अधिक है। 

राज्य में 5,651 की मौत

इसके अलावा महाराष्ट्र में बुधवार को 3,307 और लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई जिसके बाद कुल मामले 1,16,752 हो गए हैं। वहीं 114 और मरीजों की मौत के बाद कोविड-19 महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 5,651 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिन में 1,315 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। इसके बाद संक्रमण को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 59,166 हो गई है। उन्होंने कहा कि संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 51,921 है। अब तक 7,00,954 नमूनों की जांच हो चुकी है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!