Mumbai Local Train: अच्छी खबर ! सेंट्रल एवं वेस्टर्न रेलवे की 95% लोकल ट्रेनें आज से बहाल 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 29, 2021, 07:59 AM IST

Mumbai News : मुंबई में अब लोकल ट्रेनों की पूरी क्षमता की केवल पांच प्रतिशत सेवाएं चलाई जानी बाकी रहेंगी। लॉकडाउन से पहले 3,141 सेवाएं चलती थीं।

Mumbai Local Train: अच्छी खबर ! सेंट्रल एवं वेस्टर्न रेलवे की 95% लोकल ट्रेनें आज से बहाल 
Photo Credit: PTI

मुंबई : मुंबई में लोकल ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। शुक्रवार से मुंबई में सेंट्रल एवं वेस्टर्न रेलवे की 95 प्रतिशत लोकल ट्रेनें दोबारा चलनी शुरू हो जाएंगी। कोरोना प्रोटोकॉल की वजह से इन ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि सेंट्रल एवं वेस्टर्न रेलवे शुक्रवार से कुल 2781 ट्रेन सेवाओं का परिचालन करेगा। मुंबई लोकल ट्रेनों को दोबारा उनकी पूर्ण क्षमता के अनुरूप चलाने का फैसला दो दिन पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अगुवाई में हुई बैठक में लिया गया। 

कोरोना महामारी की वजह से परिचालन पर लगा था रोक
इससे पहले सेंट्रल रेलेव प्रतिदिन 1580 ट्रेनें और वेस्टर्न रेलवे रोजाना 1201 ट्रेन सेवाओं का परिचालन करता आया है लेकिन शुक्रवार से यह संख्या बढ़ जाएगी। सेंट्रल रेलवे अब रोजाना 1685 ट्रेन सेवाओं और वेस्टर्न रेलवे 1300 लोकल ट्रेन सेवाओं का परिचालन करेगा। इसके पहले पश्चिम रेलवे ने सभी लोकल ट्रेनों के दोबारा बहाल करने की घोषणा की थी लेकिन बाद में उसने अपने इस फैसले में थोड़ा बदलाव किया। कोरोना महामारी और लॉकडाउन की वजह से मार्च में लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। गत मार्च से पहले सेंट्रल रेलवे रोजाना 1774 और वेस्टर्न रेलवे 1367 ट्रेन सेवाओं का परिचालन करता आया है। 

लॉकडाउन से पहले 3,141 सेवाओं का होता रहा है परिचालन
वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा, '29 जनवरी से सेंट्रल एवं वेस्टर्न रेलवे की सेवाओं में अतिरिक्त 204 लोकल ट्रेनों को जोड़ा जाएगा।' मुंबई में अब लोकल ट्रेनों की पूरी क्षमता की केवल पांच प्रतिशत सेवाएं चलाई जानी बाकी रहेंगी। लॉकडाउन से पहले 3,141 सेवाएं चलती थीं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!