अयोध्या पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, सबसे पहले किए हनुमानगढ़ी के दर्शन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 25, 2020, 02:49 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच गए हैं। सीएम योगी यहां साधु संतों से मुलाकात करने के अलावा राम मंदिर के भूमि पूजन की तैयारियों का भी जायजा लेंगे।

अयोध्या पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, सबसे पहले किए हनुमानगढ़ी के दर्शन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक बार फिर अयोध्या पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने हनुमानगढ़ी के दर्शन किए। इस दौरान योगी आदित्यनाथ राम मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को प्रस्तावित भूमि पूजन की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान सीएम योगी अयोध्या में साधु संतों से मुलाकात भी कर रहे हैं और तमाम व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। दरअसल पांच अगस्त को होने वाले राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम में पीएम मोदी का अयोध्या जाना प्रस्तावित है।

लगातार कर रहे हैं बैठक

योगी आदित्यनाथ अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण कार्यों का लगातार जायजा ले रहे हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया था कि भगवान राम की नगरी अयोध्या में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा था कि अयोध्या में आने वाले भक्तगणों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए जिसके लिए उन्होंने मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने का आदेश दिया था। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को कहा था कि अयोध्या में अण्डरग्राउण्ड केबलिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि इधर-उधर तार न लटकें। 

 11 पवित्र स्थानों की मिट्टी
आपको बता दें कि अयोध्या में मंदिर निर्माण की तैयारियों के बीच विश्व हिन्दू परिषद ने दिल्ली के 11 पवित्र स्थानों की मिट्टी पीतल के कलशों में भर कर शुक्रवार को अयोध्या भेजा है। इन पवित्र स्थानों में सिद्ध पीठ कालकाजी , पुराना किला स्थित प्राचीन पांडव कालीन भैरव मंदिर, चांदनी चौक स्थित गुरुद्वारा शीशगंज, गौरी शंकर मंदिर, श्री दिगंबर जैन लाल मंदिर, कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर, प्राचीन शिव नवग्रह मंदिर, प्राचीन काली माता मंदिर, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर बिरला मंदिर, मंदिर मार्ग स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर , करोल बाग स्थित बद्री भगत झंडेवालान मंदिर शामिल हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!