UP : यूपी पुलिस का बड़ा कदम, 18 अक्टूबर तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 11, 2021, 09:37 AM IST

UP police leave cancelled : देश में इस समय नवरात्र की धूम है। सभी मंदिरों में शद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन करने पहुंच रहे हैं। शहरों में रामलीलाएं आयोजित की जा रही हैं।

UP : यूपी पुलिस का बड़ा कदम, 18 अक्टूबर तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
Photo Credit: PTI

लखनऊ : आगामी त्‍योहारों और संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 18 अक्टूबर को किए जा रहे कार्यक्रम के चलते यूपी पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी तत्‍काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है। छुट्टियां रद्द करने से संबंधित आदेश अपर पुलिस महानिदेश (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार की ओर से रविवार को जारी किया गया। इस आदेश में कहा गया है, 'आगामी त्योहारों एवं संयुक्त किसान मोर्चे के प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां 18 अक्टूबर तक रद्द करती है। न टालने योग्य कारण बताए जाने पर ही छुट्टी दी जाएगी। छुट्टी पर जाने की इजाजत मुख्यालय से लेनी होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जाता है।'

देश में इस समय नवरात्र की धूम

देश में इस समय नवरात्र की धूम है। सभी मंदिरों में शद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन करने पहुंच रहे हैं। शहरों में रामलीलाएं आयोजित की जा रही हैं। दुर्गा पूजा पंडाल, मंदिरों, बाजारों एवं सार्वजनिक जगहों पर लोगों की बढ़ी हुई भीड़ को देखते हुए पुलिस ने छुट्टियां रद्द करने का फैसला किया है। इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने 12 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी के तिकोनिया में किसानों की रैली बुलाई है। गत 3 अक्टूबर को यहां हुई हिंसा में चार किसानों सहित आठ लोगों की जान गई। 

किसान संगठन प्रदर्शन करने वाले हैं

लखीमपुर हिंसा के खिलाफ विपक्ष एवं किसान संगठन देश भर में रैलियां एवं समारोह कर रहे हैं। एसकेएम ने 12 अक्टूबर की शाम कैंडल मार्च में लोगों से शामिल होने की अपील की है। किसान संगठन 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रेल रोको आंदोलन करने वाले हैं।  

लखीमपुर हिंसा मामले में आशीष मिश्र गिरफ्तार हैं

किसान संगठनों का आरोप है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र किसानों को कुचलने वाले एक वाहन में सवार थे। जबकि आशीष का कहना है कि वह घटनास्थल पर नहीं थे। हालांकि, पुलिस ने आशीष के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। 
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!