लाइफस्टाइल

World Water Day: सफर के दौरान लोग क्यों कम पीते हैं पानी, सेहत पर कैसा होता है असर, जानिए यात्रा के समय क्यों जरूरी हाइड्रेशन

Why People Drink Less Water While Travelling: सफर के दौरान आपने अक्सर देखा होगा कि लोग पानी बहुत कम पीते हैं। इससे शरीर में डिहाइड्रेशन हो जाती है और सेहत पर काफी गंभीर दुष्प्रभाव भी देखने को मिल सकते हैं। आज दुनिया भर में विश्व जल दिवस (World Water Day) मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति पानी के महत्व को लोगों को समझाना है। आइए जानते हैं ट्रैवल के समय शरीर को हाइड्रेट रखना क्यों जरूरी है और सही मात्रा में पानी पीकर सफर को कैसे आरामदायक और हेल्दी बनाया जा सकता है।

Image

ट्रैवल के दौरान क्यों जरूरी है पानी पीना

Why People Drink Less Water While Travelling: विश्व जल दिवस (World Water Day) हमें याद दिलाता है कि पानी हमारी सेहत की सबसे बुनियादी जरूरतों में से एक है। रोजमर्रा की जिंदगी में तो हम किसी तरह पानी पी लेते हैं, लेकिन जब बात सफर की आती है, तो अक्सर लोग पानी कम पीते हैं। कभी बार-बार वॉशरूम जाने की चिंता रहती है, तो कभी ट्रैवल की भागदौड़ में प्यास लगने पर भी ध्यान नहीं जाता। कई लोग बाहर का पानी पीने से भी बचते हैं। धीरे-धीरे यह आदत शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। कम पानी पीने से थकान, सिरदर्द, पेट से जुड़ी दिक्कतें और कमजोरी महसूस हो सकती है। इसलिए जरूरी है कि यात्रा के दौरान भी शरीर को पर्याप्त पानी मिलता रहे, ताकि सफर आरामदायक और सेहतमंद बना रहे।

सफर में लोग पानी कम क्यों पीते हैं?

जब हम यात्रा पर होते हैं, तो अक्सर पानी पीने से बचते हैं। सबसे बड़ा कारण होता है बार-बार वॉशरूम जाने की परेशानी। लंबी बस या ट्रेन यात्रा में हर जगह सुविधा नहीं मिलती, इसलिए लोग सोच-समझकर पानी पीते हैं। इसके अलावा कई बार साफ और भरोसेमंद पानी आसानी से नहीं मिलता, जिससे लोग कम पानी पीना ही बेहतर समझते हैं। ट्रैवल के दौरान हमारा रूटीन भी बदल जाता है, जिससे प्यास का एहसास भी कम हो जाता है और शरीर जरूरत से कम पानी पा पाता है।

कम पानी पीने से शरीर में डिहाइड्रेशन हो सकता है

जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिलता, तो डिहाइड्रेशन की स्थिति बन सकती है। शुरुआत में इसका एहसास ज्यादा नहीं होता, लेकिन धीरे-धीरे शरीर संकेत देने लगता है। जैसे मुंह सूखना, थकान, चक्कर जैसा महसूस होना या सिर भारी लगना। सफर के दौरान पहले से ही शरीर थका होता है, ऐसे में पानी की कमी परेशानी को और बढ़ा सकती है।

थकान और कमजोरी ज्यादा महसूस हो सकती है

ट्रैवल करना कई बार शरीर के लिए थकाने वाला होता है। लंबे समय तक बैठे रहना, नींद पूरी न होना या खानपान बदल जाना, ये सब एनर्जी को कम कर देते हैं। अगर इस दौरान पानी भी कम पिया जाए, तो शरीर और ज्यादा सुस्त महसूस कर सकता है। पर्याप्त पानी पीने से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और सफर थोड़ा आसान महसूस होता है।

डाइजेशन बिगड़ सकता है और पेट से जुड़ी दिक्कतें बढ़ सकती हैं

सफर के दौरान हमारा खाने का समय और खाना दोनों बदल जाते हैं। ऐसे में अगर पानी कम पिया जाए, तो कब्ज, गैस या पेट भारी होने जैसी समस्या हो सकती है। पानी पाचन क्रिया को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है। इसलिए ट्रैवल के दौरान भी थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना जरूरी होता है, ताकि पेट से जुड़ी परेशानी कम हो।

सिरदर्द और ध्यान लगाने में दिक्कत हो सकती है

कम पानी पीने का असर दिमाग पर भी पड़ सकता है। कई बार बिना वजह सिर भारी लगने लगता है या ध्यान लगाने में परेशानी होती है। कुछ लोग सफर के दौरान चिड़चिड़ापन भी महसूस करते हैं। सही मात्रा में पानी पीने से शरीर और दिमाग दोनों बेहतर तरीके से काम करते हैं और यात्रा ज्यादा आरामदायक लगती है।

यात्रा के दौरान हाइड्रेशन क्यों जरूरी है?

सफर के समय शरीर को सामान्य तरीके से काम करते रहने के लिए पानी बहुत जरूरी होता है। पर्याप्त पानी पीने से शरीर का तापमान संतुलित रहता है, थकान कम महसूस होती है और डाइजेशन भी बेहतर रहता है। विश्व जल दिवस के मौके पर यह समझना जरूरी है कि यात्रा के दौरान पानी पीने की आदत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। छोटे-छोटे ध्यान रखने से सफर को ज्यादा हेल्दी और आरामदायक बनाया जा सकता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article