लंबे, घने और मजबूत बालों की चाहत लगभग हर किसी को होती है। लेकिन धूल-मिट्टी, प्रदूषण, गलत हेयर केयर प्रोडक्ट्स और बालों की सही देखभाल न होने के कारण बाल रूखे, बेजान और कमजोर होने लगते हैं। कई बार बाल झड़ने की समस्या भी परेशान करने लगती है। ऐसे में लोग महंगे शैंपू, सीरम और हेयर ट्रीटमेंट पर पैसे खर्च करते हैं। हालांकि, बालों की देखभाल के लिए कुछ घरेलू चीजों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। रसोई में आसानी से मिलने वाली मेथी ऐसी ही एक चीज है, जिसका इस्तेमाल लंबे समय से बालों की देखभाल में किया जाता रहा है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - सबसे अच्छी काजू कौनसी होती है, टुकड़ा काजू खरीदना चाहिए या साबुत काजू
मेथी के साथ प्याज और करी पत्ते को मिलाकर एक घरेलू हेयर टॉनिक और हेयर पैक तैयार किया जा सकता है। यूट्यूब चैनल Everything Homemade की स्वेता सिंह (Sweta Singh) ने अपने वीडियो में इस घरेलू हेयर केयर रेमेडी को बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका बताया है। उनके अनुसार, यह मिश्रण बालों को कंडीशन करने और उनकी देखभाल में मदद कर सकता है। आइए जानते हैं इसे घर पर कैसे तैयार करें।
मेथी से हेयर बूस्टर टॉनिक कैसे बनाएं
इस टॉनिक को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए डेढ़ चम्मच मेथी दाना और जरूरत के अनुसार पानी लें। अगर बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, तो इसमें एक प्याज भी मिलाया जा सकता है। स्वेता सिंह के अनुसार, मेथी में मौजूद अमीनो एसिड और निकोटिनिक एसिड बालों की देखभाल में उपयोगी हो सकते हैं। वहीं, प्याज में सल्फर पाया जाता है।
ऐसे बनेगा हेयर टॉनिक?
सबसे पहले एक मोटी तली वाले स्टील के बर्तन में मेथी दाना और पानी डालें। इसमें कटा हुआ प्याज भी मिला दें। अब इसे धीमी से मध्यम आंच पर लगभग 5-6 मिनट तक उबालें। जब पानी का रंग पीला होने लगे और मेथी के दाने ऊपर आने लगें, तो गैस बंद कर दें। मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर छानकर इसका पानी अलग कर लें। आपका घरेलू हेयर टॉनिक तैयार है।
करी पत्ते से बनाएं हेयर प्रोटीन पैक
बालों की अतिरिक्त देखभाल के लिए उबली हुई मेथी और प्याज का इस्तेमाल करके हेयर पैक भी बनाया जा सकता है। इसके लिए दोनों को मिक्सर में डालें और इसमें कुछ करी पत्ते मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। स्वेता सिंह के अनुसार, करी पत्ते में कई विटामिन और बीटा कैरोटीन मौजूद होते हैं। अगर आपके बाल बहुत ज्यादा रूखे हैं, तो इस पेस्ट में 4-5 चम्मच एलोवेरा जेल भी मिला सकते हैं।
बालों में कैसे लगाएं
तैयार मेथी टॉनिक को स्कैल्प पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। इसे लगभग 1-2 घंटे तक रखने के बाद सामान्य पानी या शैंपू से बाल धो लें। वहीं, मेथी, प्याज और करी पत्ते से तैयार हेयर पैक को बालों में लगाकर 30-45 मिनट तक रखें। इसके बाद शैंपू से अच्छी तरह धो लें। इसे हफ्ते में 2 बार इस्तेमाल करना पर्याप्त हो सकता है।
