World Red Cross Day 2026:आज वर्ल्ड रेड क्रॉस डे है। विश्व रेड क्रॉस और रेड क्रेसेंट डे हर साल 8 मई को मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य मानवता, सेवा और मदद की भावना को बढ़ावा देना है। यह दिन रेड क्रॉस सोसाइटी से जुड़े उन लोगों को सम्मान देने के लिए भी मनाया जाता है, जो युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और संकट के समय बिना किसी भेदभाव के लोगों की सहायता करते हैं।
8 मई को क्यों मनाया जाता है वर्ल्ड रेड क्रॉस डे?
8 मई को रेड क्रॉस डे मनाने के पीछे खास वजह है। दरअसल यह तारीख अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (ICRC) के संस्थापक और शांति का पहला नोबेल पुरस्कार केपाने वाले जीन हेनरी ड्यूनेंट (Jean Henry Dunant) की जन्मतिथि भी है।
कैसे हुई थी रेड क्रॉस सोसाइटी की शुरुआत?
हेनरी ड्यूनांट मूल रूप से स्विट्जरलैंड के व्यापारी और समाजसेवी थे। साल 1859 में उन्होंने इटली के सोलफेरिनो युद्ध में हजारों घायल सैनिकों की दर्द से तड़पते देखा। उस समय घायल सैनिकों की देखभाल के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। ये सब देख वह बहुत विचलित हुए। उन्होंने मानव सेवा के लिए एक ऐसे संगठन की जरूरत महसूस की, जो युद्ध और आपदा के समय लोगों की मदद कर सके।
इसके बाद हेनरी ड्यूनांट ने एक किताब लिखी, जिसमें उन्होंने युद्ध के दौरान घायलों की सहायता के लिए अंतरराष्ट्रीय संगठन बनाने का विचार रखा। उनके इसी विचार से वर्ष 1863 में इंटरनेशनल कमिटी ऑफ रेड क्रॉस (ICRC) की स्थापना हुई। बाद में यह आंदोलन पूरी दुनिया में फैल गया और आज रेड क्रॉस तथा रेड क्रीसेंट सोसाइटी दुनिया के कई देशों में काम कर रही हैं।
रेड क्रॉस का मुख्य उद्देश्य क्या है
रेड क्रॉस सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा करना है। यह संगठन युद्ध, बाढ़, भूकंप, महामारी और अन्य आपदाओं के समय राहत कार्य करता है। इसके अलावा यह रक्तदान शिविर, प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सेवाएं और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्य भी करता है। रेड क्रॉस का सिद्धांत है कि हर व्यक्ति को बिना किसी जाति, धर्म, भाषा या देश के भेदभाव के सहायता मिलनी चाहिए।
इस संगठन के सात मूल सिद्धांत हैं - मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता और सार्वभौमिकता। यही सिद्धांत इसे दुनिया के सबसे बड़े मानव सेवा संगठनों में से एक बनाते हैं।
आज रेड क्रॉस दुनिया के लिए आशा की एक किरण है। रेड क्रॉस हमें बताती है कि भले ही दुनिया युद्ध या आपदाओं से बंटी हो, लेकिन मानवता का धर्म सबसे ऊपर है।
