Old jewellery Cleaning Tips: घर के कोने-कोने की सफाई के साथ-साथ समय-समय पर घर में रखे पुराने गहनों की सफाई भी जरूरी होती है। क्योंकि अगर आप समय पर इनकी सफाई नहीं करते हैं, तो इनका रंग फीका पड़ने लगता है। इतना ही नहीं, अगर आप लंबे समय तक गहनों को क्लीन नहीं करते हैं, तो यह कमजोर भी पड़ने लगते हैं। इसलिए गहनों की समय-समय पर सफाई बहुत ही जरूरी है। गहनों की सफाई के लिए आप कुछ आसान से टिप्स अपना सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में-
घर पर कैसे करें गहनों की सफाई?
गहनों की सफाई के लिए आप घर की चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे साफ करना बहुत ही आसान है। आइए जानते हैं घर में पड़े गहनों की सफाई कैसे करें?
डिशवॉश का करें इस्तेमाल
पुराने सोने या फिर चांदी की ज्वेलरी को साफ करने के लिए आप डिशवॉश का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए 1 कटोरी में गर्म पानी लें। इसमें शवॉशिंग लिक्विड की कुछ बूंदों को डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इसके बाद सभी ज्वेलरी इसमें डालकर कुछ मिनटों के लिए छोड़ दें। जब पानी ठंडा हो जाए, तो ज्वेलरी को निकालकर इसपर हल्के हाथों से ब्रश करें। इसके बाद तौलिये की मदद से इसे अच्छी तरह से साफ करें। इससे आपके ज्वैलरी नए जैसा हो जाएगा।
टूथपेस्ट से गहनों को करें साफ
गहनों को नए जैसा चमकाने के लिए आप टूथपेस्ट का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए गहनों पर टूथपेस्ट लगाकर इसे अच्छी तरह से गहनों के चारों ओर फैलाएं। इसके बाद पुराने कपड़े या फिर ब्रश की मदद से इसे रगड़ें। बाद में साफ पानी से गहनों को धो लें। इसके बाद तौलिए की मदद से गहनों को पोछ लें। इससे गहनों की चमक बढ़ेगी।
बेकिंग सोडा और विनेगर
गहनों को चमकाने के लिए बेकिंग सोडा और विनेगर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में 2 चम्मच गर्म पानी और एक चौथाई कप बेकिंग सोडा डालकर इसका पेस्ट बना लें। अब इसे गहनों पर लगाकर रगड़ें। सोडा से गहनों को साफ करने के बाद इसपर विनेगर लगाएं और गर्म पानी से धो लें। इससे गहना चमकने लगेगा।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।)
