Emotional Management: हम सभी हर दिन कई तरह के इमोशन्स से गुजरते हैं। कभी किसी बात पर खुश होते हैं, कभी गुस्सा आता है, कभी तनाव घेर लेता है तो कभी छोटी सी बात भी हमें परेशान कर देती है। भावनाएं होना बिल्कुल सामान्य है, लेकिन इन भावनाओं को समझना और सही तरीके से संभालना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। यहीं से शुरू होता है इमोशनल मैनेजमेंट।
आसाल भाषा में समझाएं तो इमोशनल मैनेजमेंट का मतलब है अपनी भावनाओं को पहचानना, उन्हें स्वीकार करना और परिस्थितियों के हिसाब से सही तरीके से व्यक्त करना।इसका मतलब इमोशन्स को दबाना नहीं है, उन्हें समझदारी से संभालना है।
भावनाओं को समझना क्यों जरूरी है?
कई बार हम गुस्से में ऐसी बातें कह देते हैं, जिनका बाद में पछतावा होता है। कभी तनाव इतना बढ़ जाता है कि उसका असर हमारे काम और रिश्तों पर पड़ने लगता है। कुछ लोग अपनी भावनाओं को भीतर ही दबाकर रखते हैं, जिससे धीरे-धीरे मानसिक परेशानी और बेचैनी बढ़ने लगती है।
इमोशनल मैनेजमेंट हम किसी भी मनोस्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले उसे समझते हैं। जब हम अपने इमोशन्स को समझने लगत हैं तो हमारे फैसले भी ठीक होते चले जाते हैं।
रिश्तों को बेहतर बनाता है
दुनिया में कोई भी रिश्ता हो वह विश्वास के साथ ही अपनी भावनाओं को सही ढंग से व्यक्त करने की क्षमता पर भी टिका होता है। अगर हम अपनी नाराजगी, दुख या अपेक्षाओं को शांत तरीके से सामने रख पाते हैं, तो गलतफहमियां कम होती हैं।
इमोशनल मैनेजमेंट हमें दूसरों की भावनाओं को समझने की क्षमता भी देता है। यही वजह है कि भावनात्मक रूप से संतुलित लोग अकसर बेहतर दोस्त, साथी और सहकर्मी साबित होते हैं।
तनाव से निपटने में मिलती है मदद
तनाव लगभग हम में से हर किसी के जीवन का हिस्सा बन गया है। काम का दबाव, पारिवारिक जिम्मेदारियां और दूसरे तरह की चिंताएं कई बार हमें भावनात्मक रूप से थका देती हैं।
ऐसे समय में इमोशनल मैनेजमेंट बहुत काम आता है। यह हमें सिखाता है कि हर समस्या पर घबराने के बजाय उसे शांत दिमाग से कैसे देखा जाए। इससे मानसिक दबाव कम होता है और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना आसान हो जाता है।
कैसे डेवलप करें ये स्किल
इमोशनल मैनेजमेंट कोई जन्मजात गुण नहीं है, एक ऐसी क्षमता है जिसे धीरे-धीरे विकसित किया जा सकता है। अपनी भावनाओं पर ध्यान देना, प्रतिक्रिया देने से पहले कुछ पल रुकना, अपनी बात खुलकर कहना और जरूरत पड़ने पर किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करना इसके छोटे लेकिन प्रभावी तरीके हैं।
हमें हमेशा याद रखना होगा कि जिंदगी में सफलता केवल अच्छी डिग्री, पैसा या पद हासिल करने से नहीं आती। अपनी भावनाओं को समझना और उन्हें संतुलित तरीके से संभालना भी उतना ही जरूरी है। दरअसल जो इंसान अपनी भावनाओं को संभालना सीख लेता है, वह जीवन की चुनौतियों का सामना कहीं अधिक समझदारी और आत्मविश्वास के साथ कर पाता है।
