Good Touch vs Bad Touch in Hindi: देश दुनिया में बच्चों के शोषण की खबरें बेहद आम हो चुकी हैं। इंटरनेट पर मौजूद रिपोर्ट्स के मुताबिक आज 10 में से 1 बच्चा यौन शोषण का शिकार है। ऐसे बच्चों की औसत आयु नौ वर्ष है। 20% पीड़ित तो और भी कम उम्र के हैं। यहां बतौर अभिभावक हमारी ड्यूटी है कि हम बच्चों को ऐसे किसी भी तरह के शोषण का शिकार होने से बचाएं। हम बच्चों को बताएं कि कोई अगर आपको गलत तरह से छुए तो शोर मचाना है। उन्हें बताएं कि किसका कहां पर छूना सरासर गलत है। उन्हें गुड टच और बैड टच के बारे में उचित तरीके से समझाएं। बच्चों को बताने के लिए जानें क्या होता है गुड टच और क्या है बैड टच:
गुड टच क्या है (What is Good Touch)
अगर कोई आपको टच करता है और आपको अच्छा लगता है। आपको प्रेम, अनुराग और स्नेह की अनुभूति होती है तो वह गुड टच है। इसको आप अपनी मां, पिता, बड़ी बहन, दादी के टच से फील कर सकते हैं। इसके अलावा कोई आपको प्यार से टच करें, जैसे कि माथे पर हाथ फेरना या प्यार से गालों को खींचना। ये सभी गुड टच में गिने जाते हैं। कोई आपको प्यार करने के लिए मदद करने के लिए आपको टच करता है तो आप इसे भी गुड टच कहेंगे।
बैड टच क्या है ( What is Bad Touch )
जब कोई व्यक्ति (परिवार का या बाहर का) आपको इस तरह से छूता है कि आप इससे असहज महसूस करते हैं या फिर उस व्यक्ति का छूना आपको बुरा लगता है तो यह बैड टच कहलाता है। अगर कोई भी व्यक्ति आपके प्राइवेट पार्ट्स को छूता है तो वो भी बैड टच है। अगर कोई व्यक्ति आपको छू कर असहज करता है और साथ ही इसके बारे में किसी से ना बताने के लिए कहता है तो यह भी बैड टच है।
बच्चों को कैसे करें सतर्क
बच्चों को उनकी उम्र के हिसाब से समझाने की कोशिश करें। उन्हें उनके शरीर के बार में बताएं। बच्चों को समझाएं कि हमारे शरीर में कुछ अंग ऐसे होते हैं जिन्हें सिर्फ और सिर्फ हम देख या छू सकते हैं। बच्चों को बताएं कि उनके प्राइवेट पार्ट्स कौन से हैं जो कोई भी दूसरा इंसान नहीं छू सकता। बच्चों को जरूर बताएं कि शरीर के किस जगह पर सिर्फ मां-बाप ही टच कर सकते हैं। कोई दूसरा वहां टच करे तो वो गलत होता है। इसमें उन्हें ये भी बताएं कि कोई जबरदस्ती आपको किस करता है तो ये भी गलत है। बच्चों को समझाने के लिए आपको शर्म को साइड करना होगा। बच्चे को खुलकर बताएं कि कहां छूना अच्छा है और कहां गलत।
