Summer Care Tips For High BP Patient: गर्मी का मौसम आते ही शरीर पर उसका असर दिखना शुरू हो जाता है, लेकिन जिन लोगों को हाई बीपी की दिक्कत होती है, उनके लिए तपती गर्मी खासकर हीटवेव यानी लू परेशानी और बढ़ा सकती है। तेज धूप, लगातार पसीना आना और शरीर में पानी की कमी कई बार ब्लड प्रेशर को बिगाड़ सकती है। कई लोग इसे सिर्फ गर्मी की थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि इसका असर दिल और दिमाग दोनों पर पड़ सकता है। खासकर ऐसे मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स, गुरुग्राम की कंसल्टेंट और इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट डॉक्टर दिक्षा गोयल कहती हैं कि गर्मियों में हाई बीपी मरीजों (High BP Patient) को अपनी रोजमर्रा की आदतों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है। सही खानपान, पर्याप्त पानी और समय पर दवा लेने जैसी छोटी-छोटी बातें शरीर को सुरक्षित रखने में मदद करती हैं। आइए डॉक्टर से ही जानते हैं गर्मी में बीपी मरीजों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
शरीर में पानी की कमी बिल्कुल न होने दें
गर्मियों में सबसे ज्यादा खतरा डिहाइड्रेशन का रहता है। तेज गर्मी में शरीर से पसीना ज्यादा निकलता है, जिससे पानी और जरूरी मिनरल्स कम होने लगते हैं। डॉ. दिक्षा गोयल के मुताबिक जब शरीर में पानी कम होता है तो खून का फ्लो भी प्रभावित हो सकता है और इससे बीपी पर असर पड़ता है। इसलिए पूरे दिन थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना जरूरी है। कई लोग सिर्फ प्यास लगने पर पानी पीते हैं, लेकिन गर्मियों में ऐसा करना सही नहीं माना जाता।
सिर्फ पानी नहीं ये ड्रिंक्स भी हैं फायदेमंद
अगर आप हाई बीपी के मरीज हैं तो गर्मी में नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसे घरेलू ड्रिंक्स काफी राहत दे सकते हैं। नारियल पानी में मौजूद पोटेशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करता है। वहीं छाछ और नींबू पानी शरीर को ठंडा रखने के साथ इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में भी मदद करते हैं। हालांकि ज्यादा मीठे और पैकेट वाले ड्रिंक्स पीने से बचना चाहिए।
खाने-पीने में लापरवाही पड़ सकती है भारी
गर्मी में तला-भुना और ज्यादा नमक वाला खाना शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। डॉक्टर के अनुसार हाई बीपी मरीजों को प्रोसेस्ड और ज्यादा ऑयली फूड कम खाना चाहिए। इसकी जगह रोज की डाइट में हरी सब्जियां, फल और फाइबर वाली चीजें शामिल करना बेहतर होता है। तरबूज, खीरा और संतरा जैसे फल शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते और शरीर को ठंडक भी पहुंचाते हैं।
दोपहर की तेज धूप से दूरी बनाकर रखें
हीटवेव यानी लू के दौरान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक की धूप सबसे ज्यादा खतरनाक मानी जाती है। इस समय बाहर निकलने से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ सकता है और इसका असर ब्लड प्रेशर पर पड़ सकता है। अगर जरूरी काम न हो तो इस समय घर के अंदर ही रहने की कोशिश करें। बाहर जाना पड़े तो सिर ढककर निकलें और पानी साथ जरूर रखें।
दवाएं और बीपी चेक करना न भूलें
कई लोग गर्मी में ठीक महसूस होने पर दवाएं छोड़ देते हैं, जो सही नहीं है। डॉ. दिक्षा गोयल कहती हैं कि हाई बीपी मरीजों को अपनी दवाएं समय पर लेते रहना चाहिए और बीच-बीच में ब्लड प्रेशर भी चेक करते रहना चाहिए। बिना डॉक्टर की सलाह के दवा बंद करना नुकसानदायक हो सकता है।
ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से मिलें
अगर गर्मी में अचानक चक्कर आने लगें, सिर भारी लगे, सांस लेने में दिक्कत हो या सीने में दर्द महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये शरीर पर बढ़ते दबाव के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, ताकि समय रहते सही इलाज मिल सके।
