लाइफस्टाइल

सिर्फ प्यार काफी नहीं, रिलेशनशिप में आने से पहले Gen Z चुपके से चेक कर रही है ये 5 चीजें

आज का यूथ केवल दिखावे या बातों के आधार पर फैसला नहीं ले रहा। वो एक ऐसा जीवनसाथी चाहता है जो समझदार हो, सम्मान दे और जिंदगी में गैर-जरूरी तनाव की जगह सुकून और भरोसा लेकर आए।

Image

इन 5 बातों पर टिक रहा नए जमाने का इश्क (Photo: iStock)

आजकल की तेज रफ्तार जिंदगी में रिश्ते जितनी जल्दी बनते हैं उतनी ही तेजी से बिखरते भी है। इसीलिए जेन जी कहवाने वाला आज का यूथ रिलेशनशिप्स में थोड़ी सूझबूझ दिखाने की कोशिश कर रहा है। अब किसी के साथ रिलेशनशिप में आना पहली नजर के आकर्षण या शुरुआती पसंद तक सीमित नहीं रह गया है।

जब बात किसी के साथ सीरियस रिलेशनशिप में आने की होती है, तो जेन जी चुपके से 5 बुनियादी बातों को जरूर नोटिस करते हैं। अगर आप किसी रिश्ते की शुरुआत करने जा रहे हैं, तो जानिए कि लोग किन 5 बातों को बहुत ध्यान से चेक करते हैं:

इमोशनल सेफ्टी

सामने वाला इंसान चाहे कितना भी अच्छा क्यों न हो, अगर आप उसके सामने खुलकर अपनी बात नहीं कह पाते, तो रिश्ता आगे बढ़ाना मुश्किल हो जाता है। आज कल युवा ये देख रहे हैं कि क्या वे अपनी खुशी, दुख या गलतियों को बिना किसी डर या झिझक के साझा कर सकते हैं? जहां इंसान को यह भरोसा हो कि उसकी बात को समझा जाएगा और छोटी-छोटी बातों पर ताने या ताने-बाने नहीं बुने जाएंगे, वहीं रिश्ते की नीव मजबूत होती है।

परेशानी या तनाव के समय उनका बर्ताव

अच्छे दिनों में तो हर कोई प्यार से बात करता है और हंसता-बोलता है। असली स्वभाव तब पता चलता है जब चीजें मनमुताबिक न हों। अब युवा गौर करते हैं कि ऐसे मौकों पर सामने वाला इंसान अपना आपा खो देता है या शांत रहकर स्थिति को संभालता है। कठिन पलों में इंसान का बर्ताव ही बताता है कि वह आगे चलकर कैसा साथी साबित होगा।

जीवन शैली और सोच का तालमेल

दो लोग एक-दूसरे को पसंद कर सकते हैं, लेकिन अगर उनकी रोजमर्रा की जिंदगी, काम करने के तरीके, पैसों की समझ और प्राथमिकताओं में जमीन-आसमान का अंतर हो, तो साथ निभाना आसान नहीं होता। इसलिए लोग रिश्ते में आने से पहले यह जरूर देखते हैं कि क्या उनकी और सामने वाले की जिंदगी जीने की शैली आपस में मेल खाती है या नहीं।

एक-दूसरे की सीमाओं का सम्मान

हर व्यक्ति की अपनी एक व्यक्तिगत जिंदगी होती है- उसके दोस्त, उसका काम और खुद के लिए थोड़ा समय। लोग यह नोटिस करते हैं कि जब वे अपने काम में व्यस्त होते हैं या थोड़ा समय अकेले बिताना चाहते हैं, तो सामने वाला इसे कितनी सहजता से लेता है। एक अच्छे रिश्ते में एक-दूसरे को थोड़ी आजादी देना और उनकी सीमाओं का सम्मान करना बेहद जरूरी होता है।

क्या उनके आने से जिंदगी में शांति महसूस होती है?

यह सबसे अहम बात है। आज के समय में हर कोई अपनी जिंदगी में शांति और स्थिरता चाहता है। अगर किसी के साथ रहने पर मन में हमेशा उलझन, डर या तनाव बना रहे, तो लोग ऐसे रिश्ते से दूरी बनाना ही बेहतर समझते हैं। सही पार्टनर वही माना जाता है जिसके साथ बात करके दिन भर की थकावट मिट जाए और मन को हल्का व सुकून भरा महसूस हो।

कुल मिलाकर आज का यूथ केवल दिखावे या बातों के आधार पर फैसला नहीं ले रहा। वो एक ऐसा जीवनसाथी चाहता है जो समझदार हो, सम्मान दे और जिंदगी में गैर-जरूरी तनाव की जगह सुकून और भरोसा लेकर आए।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article