लाइफस्टाइल

रूट कैनाल से मिल सकता है डबल फायदा, दांत भी सुरक्षित, हार्ट और डायबिटीज का रिस्क भी कम - स्टडी में खुलासा

Root Canal Benefits For Heart And Diabetes: नई रिसर्च बताती है कि रूट कैनाल ट्रीटमेंट सिर्फ दांत बचाने के लिए ही नहीं, बल्कि हार्ट डिजीज और डायबिटीज के खतरे को कम करने में भी मदद कर सकता है। हाल ही में एक नई स्टडी के अनुसार दांतों के इंफेक्शन से शरीर में सूजन बढ़ती है, जो कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। जानिए रिसर्च में क्या कुछ पाया गया..

Image

रूट कैनाल से दांत भी सुरक्षित, हार्ट और डायबिटीज का रिस्क भी कम

Root Canal Benefits For Heart And Diabetes: ज्यादातर लोग रूट कैनाल का नाम सुनकर घबरा जाते हैं, लेकिन अब एक नई रिसर्च बताती है कि यह इलाज सिर्फ दांत बचाने तक सीमित नहीं है। सही समय पर रूट कैनाल कराने से हार्ट डिजीज और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी कम हो सकता है। किंग्स कॉलेज लंदन (King’s College London) के वैज्ञानिकों की द्वारा की गई एक स्टडी, जो जर्नल ऑफ ट्रांस्लेशन मेडिसिन (Journal of Translational Medicine) में पब्लिश हुई है, बताती है कि दांतों का इंफेक्शन शरीर में सूजन बढ़ाता है और यही सूजन कई बीमारियों की वजह बन सकती है। ऐसे में ओरल हेल्थ को नजरअंदाज करना सेहत पर भारी पड़ सकता है।

रिसर्च में क्या पता चला

किंग्स कॉलेज लंदन के शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों का रूट कैनाल सफल रहा, उनके शरीर में सूजन से जुड़े कई मार्कर कम हो गए। स्टडी में करीब 2 साल तक मरीजों की हेल्थ को ट्रैक किया गया। रिसर्च के मुताबिक इलाज के बाद ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल से जुड़े स्तर में भी सुधार देखा गया, जो हार्ट और मेटाबॉलिक हेल्थ के लिए अच्छा संकेत माना जाता है।

दांत का इंफेक्शन मुंह तक सीमित नहीं

एक आम धारणा है कि दांत का दर्द सिर्फ दांत की समस्या है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि मुंह में मौजूद बैक्टीरिया खून के जरिए शरीर के अन्य हिस्सों तक पहुंच सकते हैं। यही बैक्टीरिया शरीर में इन्फ्लेमेशन बढ़ाते हैं, जिससे हार्ट डिजीज और डायबिटीज जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

रूट कैनाल कैसे करता है मदद

रूट कैनाल में दांत के अंदर मौजूद संक्रमित हिस्से को साफ किया जाता है, जिससे बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं। जब इंफेक्शन खत्म होता है, तो शरीर में सूजन कम होने लगती है। रिसर्चर्स का मानना है कि सूजन कम होने से ब्लड शुगर कंट्रोल करने और हार्ट हेल्थ बेहतर रखने में मदद मिल सकती है।

हार्ट हेल्थ से क्या है कनेक्शन

वैज्ञानिकों के अनुसार शरीर में लगातार बनी रहने वाली सूजन (chronic inflammation) हार्ट डिजीज का एक बड़ा कारण है। जब दांतों का इंफेक्शन ठीक हो जाता है, तो शरीर में सूजन कम हो सकती है, जिससे दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा घट सकता है।

डायबिटीज के रिस्क पर भी असर

स्टडी में पाया गया कि रूट कैनाल के बाद ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म में सुधार देखा गया। यानी शरीर ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से कंट्रोल कर पाता है। यही वजह है कि रिसर्चर्स मानते हैं कि ओरल इंफेक्शन को समय पर ठीक करना डायबिटीज के खतरे को कम करने में मदद कर सकता है।

सही समय पर इलाज देना जरूरी

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर दांत में लंबे समय तक इंफेक्शन रहे, तो यह सिर्फ दांत ही नहीं बल्कि पूरी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए दर्द या सड़न को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डेंटिस्ट से सलाह लेना जरूरी है। रूट कैनाल जरूरत पड़ने पर दांत को बचाने के साथ-साथ शरीर को भी कई तरह से फायदा पहुंचा सकता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article