लाइफस्टाइल

बनारसी-सिल्क हुआ पीछे.. अब इन तीन तरह की साड़ियों की है छप्पर फाड़ डिमांड, इस शादी सीजन है सबसे ज्यादा ट्रेंडी

बनारसी सिल्क के अलावा इस शादी सीजन इन तीन तरह की साड़ियों की डिमांड काफी बढ़ रही है। जानिए इन तीनों पारंपरिक साड़ियों की खासियत, खूबसूरत डिजाइन और शादी के अलग-अलग फंक्शन में इन्हें पहनने के आसान स्टाइलिंग टिप्स।

Image

Sabse Trendy saree konsi hai, लेटेस्ट ट्रेंडी साड़ी

Sabse Trendy saree konsi hai: शादी का सीजन आते ही महिलाओं की अलमारी में एक नई हलचल शुरू हो जाती है। किस शादी में क्या पहनना है, किस फंक्शन के लिए कौन-सा रंग चुनना है और ऐसी कौन-सी साड़ी हो जो भीड़ में सबसे अलग नजर आए, ये सवाल हर किसी के मन में घूमने लगते हैं। अब तक शादी-ब्याह के खास मौकों पर बनारसी सिल्क साड़ी का खूब जलवा रहता था, लेकिन फैशन की पसंद धीरे-धीरे बदल रही है।

इस बार पारंपरिक खूबसूरती को नए अंदाज में पहनने का चलन बढ़ रहा है। खासकर बांधनी, घरचोला और पटोला साड़ियां शादी सीजन की चर्चा में हैं। इनकी खासियत सिर्फ खूबसूरत रंग और डिजाइन नहीं, बल्कि इनके पीछे छिपी भारतीय कला और संस्कृति भी है। अच्छी बात यह है कि इन साड़ियों को सिर्फ दुल्हन ही नहीं, बल्कि शादी में शामिल होने वाली महिलाएं भी अपने अंदाज के मुताबिक पहन सकती हैं।

बांधनी साड़ी

अगर आपको रंगों से प्यार है और आप शादी में कुछ चटक लेकिन पारंपरिक पहनना चाहती हैं, तो बांधनी साड़ी शानदार विकल्प हो सकती है। गुजरात और राजस्थान की पहचान मानी जाने वाली इस साड़ी में कपड़े को छोटी-छोटी जगहों से बांधकर रंगाई की जाती है। इससे कपड़े पर खूबसूरत बिंदियों और पैटर्न का डिजाइन बनता है।

इस शादी सीजन में लाल, गुलाबी, पीले, हरे और रानी रंग की बांधनी साड़ियां खास ट्रेंड मे हैं। हल्दी, मेहंदी और दिन के दूसरे फंक्शन्स के लिए यह एक बढ़िया ऑप्शन है। इसे ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, चूड़ियों और छोटे झुमकों के साथ पहनकर खूबसूरत लुक पाया जा सकता है।

घरचोला साड़ी

गुजरात की पारंपरिक घरचोला साड़ी शादी के खास मौकों के लिए एक शानदार पसंद है। इसकी पहचान चौखानेदार डिजाइन, चमकीले रंगों और जरी के काम से होती है। लाल और हरे रंग के मेल में मिलने वाली घरचोला साड़ी बेहद आकर्षक दिखाई देती है।

इस साड़ी की सबसे खास बात यह है कि यह पहनने वाले के लुक में बिना ज्यादा मेहनत के रॉयल ट्रेडिशनल अंदाज जोड़ देती है। शादी की रस्मों या फैमिली फंक्शन्स में इसे पहना जा सकता है। इसके साथ ट्रेडिशनल सोने के गहने और स्लीक हेयरस्टाइल लुक को और निखार सकते हैं।

पटोला साड़ी

अगर आप ऐसी साड़ी चाहती हैं जो अपने डिजाइन से ही सबका ध्यान खींच ले, तो पटोला को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। गुजरात के पाटन की पटोला साड़ियां अपनी बारीक बुनाई और खूबसूरत ज्यामितीय पैटर्न के लिए जानी जाती हैं। इनकी खासियत डबल इकत तकनीक है, जिसमें धागों को बुनने से पहले ही रंगा जाता है।

पटोला साड़ी शादी के मुख्य समारोह, रिसेप्शन और खास पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इसके साथ बहुत भारी एक्सेसरीज पहनने की जरूरत नहीं होती। साड़ी का डिजाइन ही आपके पूरे लुक को खास बना सकता है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article