उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील अंतर्गत पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से सीधे मुलाकात की, उनके बीच बैठकर उनका दुख-दर्द बांटा और नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की बड़ी घोषणा की। इसके साथ ही आगामी कड़ाके की ठंड और संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावितों को सुरक्षित आवास, आगामी छह महीने का राशन और बच्चों की निरंतर शिक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिए।
सर्दी और बर्फबारी के बीच सुरक्षित आवास पहली प्राथमिकता
ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का त्वरित और वास्तविक आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ-साथ अगले छह महीनों के लिए जुटाया गया खाद्यान्न भी जलकर नष्ट हो गया है। इसलिए राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों को अगले छह माह तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराएगी। सीएम धामी ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती ठंड और आने वाले समय में संभावित बर्फबारी को ध्यान में रखते हुए पीड़ित परिवारों के रहने के लिए तत्काल सुरक्षित और गर्म अस्थायी आवास की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा, जिन बच्चों की पाठ्यसामग्री या स्कूल का सामान जल गया है, उनके लिए आवश्यक प्रबंध कर शिक्षा को बिना रुकावट जारी रखने के निर्देश दिए गए।
गांव में बनेगा जलाशय और हेलीपैड
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और प्रत्येक परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में जलाशय और हेलीपैड निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे, लेकिन फिलहाल सरकार की सर्वोच्च और तात्कालिक प्राथमिकता प्रभावितों का राहत और पुनर्वास है। सीएम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे लगातार उत्तरकाशी के जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे तथा राहत व बचाव कार्यों की पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे थे। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल और स्थानीय ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, प्रशासनिक टीम को मुस्तैद करने और खुद गांव पहुंचकर पीड़ितों का ढांढस बंधाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मौके पर जिलाधिकारी सहित जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
